बांका : मंदार हिल घूमने आने वाले पर्यटकों और रेल यात्रियों के लिए रविवार से खान-पान की नई सुविधा शुरू हो गयी. मंदार हिल स्टेशन परिसर में सौम्या इंटरप्राइजेज की ओर से मोबाइल फूड वैन शुरू की गयी है. कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू और नगर अध्यक्ष कोमल भारती ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया.
रेलवे की फ्रेंचाइजी के तहत शुरू की गयी इस मोबाइल फूड वैन में यात्रियों को करीब 72 प्रकार के व्यंजन और खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की तैयारी है. इससे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों के साथ मंदार घूमने आने वाले पर्यटकों को भी स्टेशन परिसर में ही खान-पान की सुविधा मिल सकेगी.
नाश्ते से भोजन तक मिलेंगे कई विकल्प
फूड वैन का संचालन फ्रेंचाइजी संचालक मधुसूदन मिश्रा की देखरेख में होगा, जबकि दैनिक संचालन की जिम्मेदारी संतोष झा को सौंपी गयी है. यहां नाश्ते से लेकर भोजन और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
मंदार क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ स्टेशन पर खान-पान की सुविधा शुरू होने से पर्यटकों को भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
पर्यटन के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
उद्घाटन के मौके पर विधायक पूरनलाल टुडू ने कहा कि मंदार क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं. पर्यटकों और रेल यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था महत्वपूर्ण कदम है. ऐसी सुविधाओं के विस्तार से मंदार आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
फ्रेंचाइजी संचालक मधुसूदन मिश्रा ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मोबाइल फूड वैन शुरू की गयी है. अलग-अलग पसंद के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए करीब 72 तरह के व्यंजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
उद्घाटन में ये लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में स्टेशन मास्टर राजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष, अद्वैत मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन अरविंदाक्षन मॉडम्बथ, रतिश गुरूजी, गंगाधर मिश्र, डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर अर्जुन प्रसाद, पार्षद अजय साह, श्रीकांत यादव, दीपक कुमार, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष कुमार, पार्षद प्रतिनिधि श्रवण यादव, ब्रजेश झा, अमरेश कुमार, नयन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
