Amarpur Land Dispute : अमरपुर थाना क्षेत्र के बादशाहगंज गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. घटना में एक वृद्ध और एक महिला घायल हो गए. दोनों का इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया है. मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत देने की बात कही है.
जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बादशाहगंज गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए.
वृद्ध ने पुत्र और परिवार पर लगाया हमला करने का आरोप
घायल वृद्ध बिनो हरिजन ने अस्पताल में बताया कि उनका पुत्र प्रकाश हरिजन उनकी जमीन में जबरन हिस्सा मांग रहा था. विरोध करने पर पुत्र प्रकाश हरिजन, पुत्रवधु सविता देवी और पोते राजहंस हरिजन ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया.
महिला ने ससुर पर लगाए मारपीट के आरोप
दूसरी ओर घायल सविता देवी ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उनके पति अपने पिता से पैतृक संपत्ति के बंटवारे की बात कर रहे थे. इसी दौरान उनके ससुर ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी. जब वह और उनका पुत्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गईं
रेफरल अस्पताल में कराया गया उपचार
मारपीट में घायल बिनो हरिजन और सविता देवी को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई.
दोनों पक्ष थाने में देंगे आवेदन
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
