Jagannath Rath Yatra 2026 : कटोरिया प्रखंड के जमदाहा बाजार स्थित श्रीश्री 108 पतित पावन राधा-कृष्ण मंदिर (जमदाहा ठाकुरबाड़ी) में गुरुवार को श्रीश्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव-2026 श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा महारानी का विधिवत स्नान, श्रृंगार एवं पूजन संपन्न कराया गया.
जमदाहा से दोमुहान मौसीबाड़ी तक निकली भव्य रथयात्रा
पूजन के बाद तीनों विग्रहों को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर भव्य रथयात्रा निकाली गई. रथयात्रा जमदाहा ठाकुरबाड़ी से प्रारंभ होकर दोमुहान गांव स्थित मौसीबाड़ी तक पहुंची. यात्रा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ खींचते हुए भजन-कीर्तन और 'जय जगन्नाथ' के जयघोष करते रहे. मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और रथयात्रा का भव्य स्वागत किया. महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही.
महाप्रसाद के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रथयात्रा संपन्न होने के बाद ठाकुरबाड़ी परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया. पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई.
श्रद्धालुओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जमदाहा ठाकुरबाड़ी के पुजारी निताय बाबा के नेतृत्व में रोहित साह, कौशल बाबा, विजय राय, हितेश कुमार, सागर साह, ध्रुव मंडल, राहुल चौधरी, बमबम साह, कुंदन साह, बाबूलाल साह, रितेश साह, आशीष साह सहित अनेक श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. आयोजन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
ये भी पढ़ें : सावन में जाग उठती है समुद्र मंथन की अमर गाथा, मंदार पर्वत आज भी सुनाता है अमृत-विष की दिव्य कथा
