धोरैया. धोरैया थाना परिसर में सरस्वती पूजा के मद्देनजर बुधवार को शांति समिति की बैठक हुई. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंचायत जनप्रतिनिधि, पूजा समिति सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया. इसमें शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने को लेकर दिशा निर्देशों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया. कहा गया कि पूजा-पंडाल के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है, जबकि डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा. थानाध्यक्ष ने कहा कि इस दौरान शराबियों व असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर बनी रहेगी. अगर किसी तरह की सूचना किसी को मिलती है, तो वे इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके. प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने के लिए कटिबद्ध है. बताया कि कुरमा में सरस्वती पूजा को लेकर पांच दिनों तक मेला का आयोजन होता है. इसलिए मेला में सीसीटीवी लगाने का निर्देश पूजा समिति को दिया गया. बैठक में थानाध्यक्ष ने कहा कि यह पूजा छोटे-छोटे स्तर पर भी होती है, लेकिन पूजा के अलावा अश्लील गाना व विसर्जन के मौके पर विवाद की आशंका बनी रहती है. छोटी- छोटी बातों पर ही विवाद बढ़ जाता है. ऐसे में सरस्वती पूजा में भी अब पुलिस बल बाहर से प्रतिनियुक्त होकर आ रहे हैं. थानाध्यक्ष ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से इस पर विशेष नजर रखने की बात कही. मौके पर बैठक में मुखिया अमरेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, बीबी हाजरा खातून, पूर्व मुखिया मनोज यादव, मुखिया प्रतिनिधि मो अनवर, अजीत सिंह, सरपंच राकेश कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान, भोला साह, धनंजय मोदी सहित अन्य मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
