बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
High Tension Wire Danger: बौंसी प्रखंड के डहुआ पंचायत अंतर्गत बेना मोहनपुर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन ग्रामीणों के लिए बड़े खतरे का कारण बनी हुई है. गांव की गली से गुजर रही यह लाइन जर्जर बांस के सहारे टिकी हुई है और जमीन से महज 5 से 7 फीट की ऊंचाई पर लटक रही है. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.
गांव के बीच से गुजर रही है हाईटेंशन लाइन
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बीच से गुजर रही इस हाईटेंशन लाइन के नीचे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है. गांव की संकरी गलियों से होकर गुजरने वाले लोग हर समय दुर्घटना की आशंका के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं.
High Tension Wire Danger: बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तार के आसपास बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं. यदि खेलकूद के दौरान कोई बच्चा गलती से तार के संपर्क में आ जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है. इसके बावजूद अब तक इस गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो जर्जर बांस को हटाया गया है और न ही बिजली के तार को सुरक्षित ऊंचाई पर पहुंचाने की कोई व्यवस्था की गई है.
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का मानना है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है.
मजबूत पोल लगाने और तार ऊंचा करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि जर्जर बांस को हटाकर उसकी जगह मजबूत बिजली पोल लगाया जाए और हाईटेंशन तार को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित किया जाए, ताकि संभावित हादसे को टाला जा सके.
समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ऐसे में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी.
ये पढ़ें : आइटी की नौकरी छोड़ अमर ने बांका में उगाये सेब, सात एकड़ बंजर जमीन को बनाया समेकित खेती का मॉडल
