शिक्षक समाज के निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : मुखिया

राजकीयकृत मध्य विद्यालय, कुशमाहा में शनिवार को वरिष्ठ शिक्षिका पूनम कुमारी के सेवानिवृत्त पर भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

बौंसी, (बांका ) से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, कुशमाहा में शनिवार को वरिष्ठ शिक्षिका पूनम कुमारी के सेवानिवृत्त पर भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम विद्यालय परिवार की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार के निर्देशन में हुआ, जिसमें शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने पूनम कुमारी के शैक्षणिक योगदान, अनुशासनप्रियता एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में हजारों बच्चों के जीवन को नई दिशा देने का कार्य किया है. उनकी कार्यशैली और शिक्षण के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी.

शिक्षिका को दी शुभकामनाएं :

मुख्य अतिथि अंगारु जबड़ा पंचायत की मुखिया अर्चना देवी ने अपने संबोधन में कहा कि एक शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने पूनम कुमारी के योगदान की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की. वहीं मुखिया प्रतिनिधि प्रफुल्ल चंद्र उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि विद्यालय एवं समाज को पूनम कुमारी जैसी समर्पित शिक्षिका पर गर्व है. उनके अनुभव और मार्गदर्शन की कमी विद्यालय परिवार को हमेशा महसूस होगी.इस दौरान वरिष्ठ शिक्षक किरानी प्रसाद यादव, श्रीकांत यादव, नवनीत, चंदन यादव, सुमित चिंटू यादव, राहुल, शिक्षिका पूजा कुमारी, फूल कुमारी सहित अन्य शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सेवानिवृत्त शिक्षिका के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से पूनम कुमारी को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. भावुक माहौल के बीच उन्होंने सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय और छात्रों के साथ बिताए गए पल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगे.कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें भावभीनी विदाई दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >