बांका में स्कूटी चोर गिरोह व दुकान में चोरी करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
Banka News : बांका पुलिस को एक साथ दो बड़ी सफलताएं मिली हैं. रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से चोरी हुई स्कूटी बरामद कर दो चोरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि किराना दुकान में चोरी की घटना का भी खुलासा करते हुए दो अन्य आरोपियों को दबोच लिया गया. पुलिस ने चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल टोटो और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका सदर पुलिस को चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से चोरी हुई स्कूटी के मामले का उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं जगतपुर स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा कर दो अन्य आरोपियों को दबोच लिया है. दोनों मामलों में चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है.
स्कूटी चोरी मामले में पुलिस ने दिखाई तत्परता
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 3 जून को बांका रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से एक स्कूटी चोरी हो गई थी. घटना के बाद पीड़ित ने 4 जून को सदर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी और मामले के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना संग्रह कर संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद छापेमारी कर गोड़ा गांव निवासी बजरंगी कुमार और सुरेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया.
चोरी की स्कूटी, टोटो और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टोटो वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
किराना दुकान में चोरी का भी हुआ खुलासा
सदर थाना क्षेत्र के जगतपुर स्थित आश्रमनगर मोहल्ले में 31 मई की देर रात एक किराना दुकान में चोरी की घटना हुई थी. घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया. फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज करते हुए चोरी की गुत्थी सुलझा ली.
नशे की लत और गलत संगत ने पहुंचाया जेल
पुलिस कार्रवाई के दौरान सैजपुर गांव निवासी देवानंद शर्मा को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उसने बताया कि नशे की लत के कारण वह गलत संगत में पड़ गया था और गांव के ही आजाद सिंह के बहकावे में आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया.
गल्ले से नकदी और गुटखा-तंबाकू किया था चोरी
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दुकान के गल्ले से करीब ढाई हजार रुपये नकद तथा गुटखा और तंबाकू के कई पैकेट चुराए थे. चोरी के बाद उसने सामान को बेचकर पैसे कमाने की योजना बनाई थी.चोरी का सामान खरीदने वाला भी पुलिस की गिरफ्त मेंजांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी का सामान देवदा निवासी शानू चौधरी को बेचा गया था. इसके बाद पुलिस ने शानू चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया.पुलिस टीम की सक्रियता से सुलझे दोनों मामलेइस पूरे अभियान में सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, एसआई राहुल कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर दोनों मामलों का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया.चारों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत मेंपुलिस ने दोनों मामलों में गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया. पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.