तीन शादियों से जुड़ा पारिवारिक विवाद पहुंचा थाने, पुलिस ने कराया समझौता

शंभुगंज थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी एक युवक की तीन शादियों से जुड़ा पारिवारिक विवाद रविवार को थाना पहुंच गया.

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी एक युवक की तीन शादियों से जुड़ा पारिवारिक विवाद रविवार को थाना पहुंच गया. भरण-पोषण और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर बढ़े विवाद के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया. जानकारी के अनुसार, सोनडीहा गांव निवासी जयप्रकाश नारायण यादव ने वर्ष 2012 में अमरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर पहाड़पुर गांव निवासी लुसी कुमारी से विवाह किया था. इस विवाह से उन्हें एक पुत्र है. इसके बाद वर्ष 2014 में उन्होंने भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र के आवा गांव निवासी खुशबू कुमारी से दूसरी शादी कर ली, जिससे एक पुत्र और एक पुत्री हैं. ग्रामीणों के अनुसार, बाद में उन्होंने गोयड़ा गांव निवासी करिश्मा कुमारी से भी प्रेम विवाह किया था. बताया जाता है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ गया. पहली पत्नी लुसी कुमारी का आरोप है कि उनके पति लंबे समय से उनका और उनके पुत्र का समुचित भरण-पोषण नहीं कर रहे हैं. इसी शिकायत को लेकर वह रविवार को शंभुगंज थाना पहुंचीं और न्याय की मांग की. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जयप्रकाश नारायण यादव को थाना बुलाया. इसी दौरान उनकी दूसरी पत्नी खुशबू कुमारी भी थाना पहुंच गयीं. थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बहस होने लगी, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों ने सभी पक्षों की बातें सुनीं और उन्हें शांत कराया. काफी देर तक चली बातचीत के बाद पहली पत्नी और जयप्रकाश यादव के बीच समझौता करा दिया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में विवाद से बचने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी. इसके बाद सभी को थाना से वापस भेज दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >