श्रावणी मेला के छठे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 'बोल-बम' के जयघोष से गूंजा कांवरिया पथ

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के छठे दिन कटोरिया (बांका) में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. देश भर से पहुंचे श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं, मार्ग 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान है. बदलते मौसम के बावजूद भक्तों का उत्साह और सेवा शिविरों में मिल रही सुविधाएं सराहनीय हैं.

Shravani Mela 2026: कटोरिया (बांका). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के छठे दिन मंगलवार को कांवरिया पथ पर शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर आगे बढ़ते रहे. पूरा मार्ग "हर-हर महादेव" और "बोल-बम" के उद्घोष से गुंजायमान रहा.

मौसम बदलता रहा, आस्था नहीं डिगी

मंगलवार को पूरे दिन कभी बादलों की छांव रही तो कभी हल्की धूप खिली. मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बावजूद बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का उत्साह बरकरार रहा. श्रद्धालु पूरे विश्वास और भक्ति के साथ अपनी यात्रा जारी रखते रहे.

विश्राम स्थलों पर लगी रही कांवरियों की भीड़

कांवरिया पथ पर बनाए गए टेंट सिटी, सरकारी एवं निजी धर्मशालाओं, कैफेटेरिया और विश्राम स्थलों पर दिनभर कांवरियों की भीड़ रही. श्रद्धालु कुछ समय विश्राम कर अपनी थकान दूर करते और फिर बाबा धाम की ओर प्रस्थान करते रहे. शाम के समय विभिन्न शिविरों में आरती और कांवर पूजा के दौरान शिव भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.

सेवा शिविरों में मिल रही हरसंभव सुविधा

विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और धार्मिक संगठनों द्वारा संचालित नि:शुल्क सेवा शिविरों में कांवरियों को ठहरने की व्यवस्था, ठंडा एवं गर्म पेयजल, नींबू चाय, दूध चाय, शरबत, प्राथमिक उपचार, पैर मालिश, स्नानागार, शौचालय, नाश्ता, भोजन और फलाहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से शिवभक्तों की सेवा में जुटे हुये हैं.

भक्ति, सेवा और आस्था का अनूठा संगम

Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया पथ पर भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. कठिन यात्रा के बावजूद शिवभक्तों के कदम लगातार बाबा नगरी की ओर बढ़ रहे हैं और पूरा मार्ग "हर-हर महादेव" तथा "बोल-बम" के जयघोष से गुंजायमान बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >