औरंगाबाद में खेत जाने के दौरान करंट की चपेट में आई महिला की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

औरंगाबाद के फेसर थाना क्षेत्र में बिजली करंट से एक 61 वर्षीय महिला की दुखद मौत हो गई. खेत में गोबर डालने जा रही महिला बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.

Aurangabad News: फेसर थाना क्षेत्र के पिरौटा गांव के बधार में रविवार की दोपहर करंट लगने से एक 61 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान गांव निवासी स्व. सुखदेव महतो की पत्नी बरती देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

खेत में गोबर डालने जा रही थी महिला

जानकारी के अनुसार बरती देवी अपने सिर पर गोबर (मान) से भरा ओड़िया लेकर खेत में डालने जा रही थी. घर से करीब एक किलोमीटर दूर बधार में पहुंचने के दौरान वह बिजली खंभे से निकले स्टेक में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई.

करंट लगते ही वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी. आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को घटना की सूचना दी.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन ग्रामीणों की मदद से बरती देवी को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत की खबर मिलते ही पुत्र चंद्रेश महतो सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों के चीत्कार से सदर अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. मौके पर पहुंचे पैक्स अध्यक्ष राजू यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया.

बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में किसान सुबह से शाम तक खेतों में काम कर रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग द्वारा लगाए गए पोल और तारों की नियमित जांच नहीं की जा रही है.

ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह बिजली के तार जर्जर होकर झूल रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

मुआवजे की मांग

पैक्स अध्यक्ष राजू यादव ने प्रशासन से मृतका के आश्रितों को जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग को जर्जर तारों और पोलों की जांच कर सुधार करना चाहिए.

इधर, संबंधित थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >