NH-139 और GT रोड पर दर्दनाक हादसे, औरंगाबाद में दो लोगों की मौत से पसरा सन्नाटा

Aurangabad Road Accident: औरंगाबाद जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक टेंट संचालक और एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई. पहली घटना एनएच-139 पर तीताई बिगहा के पास हुई, जहाँ दो बाइकों की टक्कर में कुटुंबा के टेंट संचालक मो. सेराज अहमद की जान चली गई. दूसरी घटना जीटी रोड पर ओरा-पचरुखिया मोड़ के पास हुई, जहाँ ट्रक की चपेट में आने से गोह के ट्रैक्टर चालक नित्यानंद कुमार की मौत हो गई.

औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad Road Accident:
औरंगाबाद जिले में तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण होने वाले सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो भीषण सड़क दुर्घटनाओं में एक टेंट संचालक और एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई. इन दोनों घटनाओं के बाद जहां मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है.

एनएच-139 पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, टेंट संचालक की मौत

पहली दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तीताई बिगहा गांव के समीप हुई. यहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक बाइक पर सवार टेंट संचालक की जान चली गई. मृतक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के सोनार खाप गांव निवासी 60 वर्षीय मो. सेराज अहमद के रूप में की गई है.

घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मो. सेराज अहमद मंगलवार को किसी निजी काम से औरंगाबाद शहर आए हुए थे. अपना काम समाप्त करने के बाद वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तीताई बिगहा गांव के पास सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जीटी रोड पर पानी पीने उतरे ट्रैक्टर चालक को ट्रक ने कुचला

दूसरी दुखद घटना भी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही जीटी रोड (GT Road) स्थित ओरा-पचरुखिया मोड़ के पास हुई. यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान गोह थाना क्षेत्र के निमडी गांव निवासी 36 वर्षीय नित्यानंद कुमार के रूप में हुई है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि नित्यानंद कुमार अपना ट्रैक्टर लेकर पोइवा गांव की ओर जा रहा था. रास्ते में ओरा-पचरुखिया मोड़ के पास उसने अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा किया और पानी पीने के लिए बोतल में पानी भरने चला गया. इसी दौरान हाईवे पर काल बनकर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे बुरी तरह कुचल दिया. आसपास के ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया.

प्रशासन से सरकारी सहायता राशि देने की मांग

दोनों ही मामलों में मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहनों की जांच और उनकी तलाश में जुटी हुई है.

इधर, इस दुखद घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष किरण सिंह और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से मांग की है कि पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें जल्द से जल्द उचित सरकारी सहायता अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाए.

Also Read: औरंगाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑटो से 390 लीटर चोरी का डीजल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >