औरंगाबाद NH-19 पर टोटो-ट्रक की भिड़ंत, वलीमा से लौट रहे एक परिवार के 10 घायल

औरंगाबाद में वलीमा से लौट रहे बारातियों का टोटो ट्रक से टकराया। हादसे में चार बच्चों समेत 10 लोग घायल, बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Aurangabad News: औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में वलीमा समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए. बारुण थाना क्षेत्र के जोगिया और प्रीतमपुर गांव के बीच बारातियों से भरा टोटो तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया. हादसे में चार मासूम बच्चों समेत सभी सवार घायल हो गए. इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया.

वलीमा समारोह से लौट रहा था पूरा परिवार

जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला निवासी एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार औरंगाबाद शहर के अलीनगर में आयोजित वलीमा (बहु-भात) समारोह में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग एक ही टोटो पर सवार होकर वापस अकोढ़ी गोला लौट रहे थे. इसी दौरान जोगिया और प्रीतमपुर गांव के बीच उनका टोटो ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब दो बजे सभी को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया.

महिलाएं और मासूम बच्चे भी हुए घायल

घायलों में महिलाएं, पुरुष और चार मासूम बच्चे शामिल हैं. घायल सभी लोग रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला के निवासी बताए गए हैं. हादसे में साजिया खातून, राबिया खातून, मो. जुनैद, मो. अख्तर, कैफ, मो. कासिम, साबिर, अफजल समेत कुल 10 लोग घायल हुए हैं. तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

ओवरलोड टोटो बना हादसे की बड़ी वजह

घटना के बाद टोटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. चार यात्रियों की क्षमता वाले टोटो पर करीब 10 लोग सवार थे. औरंगाबाद से अकोढ़ी गोला तक लगभग 45 किलोमीटर का सफर राष्ट्रीय राजमार्ग से टोटो में करना पहले से ही जोखिम भरा माना जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोडिंग और हाईवे पर टोटो का संचालन ऐसे हादसों को न्योता देता है.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

बारुण थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ट्रक की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: आज जिले की मंडी में भाव : औरंगाबाद मंडियों में खाद्य सामग्री के दाम में उतार-चढ़ाव


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >