Aurangabad News : तीन दिवसीय जिला खेल महोत्सव का आगाज देव स्थित जगन्नाथ उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ हुआ. हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित खेल महोत्सव के पहले दिन औरंगाबाद और देव की फुटबॉल टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. मूसलाधार बारिश के बीच दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान में अपना दमखम दिखाया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं. इसके बाद रेफरी के निर्णय के अनुसार टॉस से विजेता का फैसला किया गया, जिसमें देव की टीम ने बाजी मारते हुए जीत हासिल की. औरंगाबाद की टीम उपविजेता रही.
बारिश के बीच खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल
फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. धनंजय शर्मा, सिद्धेश्वर विद्यार्थी, जनेश्वर विकास केंद्र के अध्यक्ष रामजी सिंह, साहित्य संवाद के अध्यक्ष लालदेव प्रसाद, खेल एवं कला कौशल के अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव, समाजसेवी अनिल सिंह और निर्मल सिंह ने संयुक्त रूप से किया. खेल कौशल के संयोजक वीरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया. मूसलाधार बारिश के कारण मैदान में खेलना खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. इसके बावजूद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.
अजय यादव बने मैन ऑफ द मैच
मुकाबले में औरंगाबाद टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अजय यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में मौजूद रहे. बारिश के बावजूद दर्शकों में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने को लेकर खासा जोश दिखा.
खेल से युवाओं में विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना
इस दौरान डॉ. धनंजय शर्मा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है. सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं. ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलता है.
कई खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
खेल एवं कला कौशल के अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि शहर के इनडोर स्टेडियम परिसर में कुश्ती दंगल, बैडमिंटन और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा खेल विषय पर संगोष्ठी और प्रतियोगी खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित होगा.
खेल कौशल के संयोजक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेल महोत्सव के माध्यम से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया जा रहा है. पूरे फुटबॉल मुकाबले की शानदार कमेंट्री कुश्ती संघ के सचिव उदय तिवारी ने की. कार्यक्रम में फुटबॉल संघ के सचिव फखरुद्दीन आलम, दीपक गुप्ता, धनंजय सिंह, रत्नाकर कुमार, जगन्नाथ यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और अन्य लोग उपस्थित थे.
Also Read : नवादा में कजरी महोत्सव का आयोजन, लोक परंपरा को बचाने का लिया संकल्प
