औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले सामने आया है. मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरों ने चोरी का पूरा सामान पीड़ित के घर के बाहर फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी हुए सभी जेवरात बरामद कर लिये हैं. हालांकि, अब पुलिस चोरी में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है.
घटना के बाद पुलिस ने शुरू की छापेमारी
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस टीम ने घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया और पीड़ित से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये. इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी.
दबाव बढ़ा तो जेवर घर के बाहर फेंके
पुलिस के लगातार छापेमारी अभियान के बाद चोरों पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख चोर चोरी किये गये करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सभी सोने-चांदी के आभूषण पीड़ित के घर के बाहर फेंककर भाग निकले. चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाया और मौके से फरार हो गये.
पुलिस ने सभी जेवर किये बरामद
चोरी का सामान घर के बाहर फेंके जाने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने वहां से चोरी किये गये सभी सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिये. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये है.
CCTV फुटेज से खंगाली जा रही पहचान
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि जेवरात बरामद होने के बावजूद मामले की जांच जारी रहेगी. चोरी की घटना में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है. पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल चोरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपितों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि चोरी का सामान बरामद होने के बाद भी मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
