Aurangabad Tejpur Lakh Bridge Collapse : औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के तेजपुर में पटना मुख्य कैनाल पर स्थित अंग्रेजों के जमाने का बना तेजपुर लख पुल शनिवार को अचानक धंस गया, जिससे आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया है.
पुल की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने चार पहिया और दो पहिया वाहनों का परिचालन फिलहाल बंद कर दिया है.
दर्जनभर गांवों के लोगों की बढ़ी परेशानी
आवागमन बाधित होने से तेजपुर, चेचाढ़ी, मंझियांवा सहित एक दर्जन गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. घटना की जानकारी मिलते ही तेजपुर पंचायत के सरपंच विजेंद्र सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अनिल गुप्ता, सौरभ कुमार, विजय कुमार, ओमप्रकाश चौधरी, महावीर पासवान, विकास कुमार सहित दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है.
अंचलाधिकारी ने सिंचाई विभाग से किया संपर्क
इस संबंध में अंचलाधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है और हर हाल में मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन मिला है.
रविवार को शुरू होगा मरम्मत कार्य
वहीं, ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को स्थिति से अवगत कराया. एसडीओ राजू रंजन कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा कि रविवार को पुल का मरम्मत कार्य निश्चित रूप से कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि आवागमन रोकने के लिए पुल के दोनों ओर झंडा गाड़ दिया गया है ताकि कोई प्रवेश न कर सके और स्थल पर टीम भेज दी गई है.
मुख्य कैनाल पर बना ऐतिहासिक पुल क्षतिग्रस्त
सरपंच विजेंद्र सिंह ने बताया कि यह पुल अंग्रेजों के जमाने में पटना मुख्य कैनाल पर बनाया गया था, जो अब अचानक ध्वस्त हो गया है और उसमें बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे तेजपुर से चेचाढ़ी एवं मंझियांवा जाने वाला पथ पूरी तरह बाधित हो गया है.
