Aurangabad News : प्रखंड के कनाप स्थित श्री श्रवण कुमार बीएड एंड डीएलएड कॉलेज में नये सत्र के बीएड छात्र-छात्राओं के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. समारोह का उद्घाटन औरंगाबाद के एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने किया. कार्यक्रम में दाउदनगर एसडीओ अमित राजन, एसडीपीओ अशोक कुमार दास समेत कई अतिथि मौजूद रहे. छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया.
सोशल मीडिया का सदुपयोग करें विद्यार्थी : एसपी
एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों को जाता है. शिक्षक विद्यार्थियों के करियर के मार्गदर्शक होते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सदुपयोग करने और साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत रहने की अपील की. एसपी ने कहा कि लोग फाइनेंशियल फ्रॉड के प्रति अब जागरूक हो रहे हैं, लेकिन सोशल फ्रॉड का खतरा भी बढ़ रहा है. इसके शिकार खासकर किशोर-किशोरियां हो रहे हैं. उन्होंने युवाओं से अभिभावकों की बात सुनने और किसी भी रिश्ते का आधार विश्वास एवं सच्चाई को बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपने फायदे और करियर निर्माण के लिए करें. मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से परिवार में एक-दूसरे के करीब रहते हुए भी संवाद की कमी हो रही है.
नशामुक्त समाज के लिए युवाओं से आगे आने की अपील
एसपी ने युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि नशे से शारीरिक और मानसिक क्षति होती है. औरंगाबाद पुलिस की ओर से भी नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जानकारी भी जरूरी : एसडीओ
एसडीओ अमित राजन ने कहा कि युवाओं को संविधान की सही और पूरी जानकारी होनी चाहिए. मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि अच्छा नागरिक वही है, जो अपने मौलिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करता है.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिल रहे बेहतर अवसर : एसडीपीओ
एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का शैक्षणिक संस्थान युवाओं के लिए बेहतर साबित हो रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं.
अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
अतिथियों का स्वागत कॉलेज के सचिव विकास कुमार ने किया. सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, हसपुरा पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार, काराकाट सांसद प्रतिनिधि पिंटू सिंह, अवकाश प्राप्त प्राचार्य रामेश्वर प्रसाद, शिक्षाविद अरविंद कुमार वर्मा, रवि मल्होत्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे. व्यवस्थापक धनंजय कुमार वर्मा, सह व्यवस्थापक हरेंद्र सिंह, शिक्षक राहुल कुमार, प्रकाश कुमार, कौशिक वर्मा, वंदना और आकृति समेत अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का सम्मान किया. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विनोद कुमार ने किया.
Also Read : नवादा में जीएसटी भुगतान में प्रथम रहे आरडीए के राजीव सिन्हा व दाऊद खान, द्वितीय मंजू श्री को भी मिला सम्मान
