दाउदनगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लें - विधायक

नगरपालिका के 141वें स्थापना दिवस पर स्पोर्ट्स मीट का आयोजन

नगरपालिका के 141वें स्थापना दिवस पर स्पोर्ट्स मीट का आयोजन प्रतिनिधि, दाउदनगर. दाउदनगर नगरपालिका के 141वें स्थापना दिवस पर नगर पर्षद की ओर से शहर के अशोक इंटर स्कूल खेल मैदान में स्पोर्ट्स मीट (खेल-कूद प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया. इस अवसर पर खेल, स्वास्थ्य, स्वच्छता व शहर के विकास को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया. उद्घाटन ओबरा विधायक डॉ प्रकाशचंद्र एवं मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. विधायक ने खेल-कूद प्रतियोगिता की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं. विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि सभी को मिलकर शहर को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए. उन्होंने शहीद प्रमोद सिंह चौक से पासवान चौक तक सड़क चौड़ीकरण की योजना और शहीद प्रमोद सिंह चौक के सौंदर्यीकरण की चर्चा की. कहा कि यह कार्य शहर की पहचान को और बेहतर बनायेंगे. विधायक ने शहरवासियों से दाउदनगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है. कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालें, अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा अपने बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाएं. उन्होंने अशोक इंटर स्कूल खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. सर्वांगीण विकास मुख्य उद्देश्य मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने कहा कि दाउदनगर नगरपालिका की स्थापना के 141 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पर्षद की ओर से विशेष आयोजन किये जा रहे हैं. इसी कड़ी में यह खेल-कूद प्रतियोगिता हुई है. उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास, बेहतर स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. खेल केवल शारीरिक विकास के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी सहायक होते हैं. इनकी रही उपस्थिति मौके पर उपमुख्य पार्षद कमला देवी, इओ ऋषिकेश अवस्थी, वार्ड पार्षद डॉ केदारनाथ सिंह, दिनेश प्रसाद, चिंटू मिश्रा, जयगोविंद प्रसाद, एहसान अहमद, सोनी देवी, रीमा देवी, सीमन कुमारी, संगीता देवी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गणेश प्रसाद, शिव कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जहांगीर कुरैशी, सियाराम सिंह, सत्येंद्र कुमार, कृष्णा केसरी, रामकरण पासवान, अमित कुमार, प्रशांती कुमार तांती, संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे. विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताएं स्पोर्ट्स मीट के दौरान विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, खो-खो सहित कई खेल शामिल रहे. खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया. वहीं, उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. प्रतियोगिताओं को सफल बनाने में एथलेटिक्स कोच दयानंद शर्मा, विमल मिश्रा, सत्यम पांडेय व तकनीकी टीम के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बताया गया कि 10 फरवरी को नगर पर्षद कार्यालय परिसर में समारोह पूर्वक नगरपालिका का स्थापना दिवस मनाया जायेगा. इस अवसर पर केक कटिंग की जायेगी और खेल-कूद प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया जायेगा. साथ ही विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिभागियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >