दाउदनगर शहर के पुराना शहर स्थित ज्ञान ज्योति शिक्षण केन्द्र में छात्राओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने में उल्लेखनीय योगदान के लिए दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार को इंटर वर्ग की छात्राओं द्वारा सम्मानित किया गया. इस अवसर पर छात्राओं ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके कार्यों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया.
छात्राओं ने पुलिस के कार्यों को सराहा
संस्था के निदेशक सह सम्पूर्णानंद एजुकेशनल एंड सोशल डेवलपमेंट ट्रस्ट के सचिव डॉ चंचल कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में थानाध्यक्ष विकास कुमार का कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है.उनके कुशल नेतृत्व एवं सक्रिय पुलिस व्यवस्था के कारण छात्राएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हुए प्रतिदिन शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए आ-जा रही हैं. उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा उठाये जा रहे कदम समाज में विश्वास का वातावरण बना रहे हैं.
थानाध्यक्ष ने छात्राओं दिया सुरक्षा करने का भरोसा छात्राओं ने कहा कि थानाध्यक्ष के प्रयासों से उन्हें निडर होकर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने उनके प्रति गर्व व्यक्त करते हुए बेहतर पुलिसिंग के लिए धन्यवाद दिया.सम्मान ग्रहण करने के बाद थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके कार्यकाल में छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी.साथ ही उन्होंने छात्राओं से शिक्षा पर पूरा ध्यान देने, कानून का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की.
