औरंगाबाद: मदनपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, डीडीसी ने किया उद्घाटन

मदनपुर प्रखंड के लिए एक ऐतिहासिक दिन, जहाँ नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया. अब ग्रामीण छात्रों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के लिए बुधवार का दिन उच्च शिक्षा के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक बन गया, जब नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया. उद्घाटन समारोह में जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) अनुपम सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कॉलेज का उद्घाटन किया. यह कार्यक्रम बिहार सरकार के राज्यव्यापी अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसके तहत भागलपुर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने रिमोट के माध्यम से राज्य के विभिन्न प्रखंडों में स्थापित 211 डिग्री कॉलेजों का एक साथ ऑनलाइन उद्घाटन किया.

हाई स्कूल से होगा संचालन

मदनपुर का यह नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय फिलहाल पिरवा हाई स्कूल परिसर के चिन्हित भवन में अस्थायी रूप से संचालित किया जायेगा. उद्घाटन समारोह को लेकर पूरे स्कूल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी अनुपम सिंह ने कहा कि शैक्षणिक दृष्टिकोण से यह दिन मदनपुर प्रखंड के लिए मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि अब यहाँ के ग्रामीण छात्र-छात्राओं को स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनके समय और आर्थिक दोनों तरह की बचत होगी.

छह विषयों की होगी पढ़ाई

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अमित राहुल ने समारोह में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों और अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज में फिलहाल स्नातक नामांकन के लिए कुल 300 सीटों का आवंटन किया गया है. शुरुआती चरण में यहाँ के छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र और अंग्रेजी विषयों में स्नातक स्तर की नियमित पढ़ाई शुरू की जाएगी, जिससे सुदूर क्षेत्र के छात्रों को काफी सुविधा होगी.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस गरिमामयी उद्घाटन कार्यक्रम में डीआरडीए डायरेक्टर अनुपम कुमार सिंह, सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, बीडीओ डॉ. अवतुल्य कुमार आर्य, सीओ अकबर हुसैन, पीओ योगेंद्र सिंह, प्रभारी बीईओ संजीव कुमार, मुखिया जनेश्वर यादव, पूर्व जिला पार्षद प्रफुल्ल कुमार सिंह और पूर्व मुखिया सिद्धनाथ मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने मदनपुर में कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए राज्य सरकार के इस भगीरथ प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay singh

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >