टीसी लेने गई छात्रा ने शिक्षक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, स्कूल में बवाल

Aurangabad News: जिले के उपहारा मिडिल स्कूल में एक छात्रा ने शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया. जिसके बाद गांव के लोग और परिजन स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Aurangabad News(मणिकांत पांडे): औरंगाबाद जिले के उपहारा मध्य विद्यालय में एक छात्रा द्वारा शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा देखने को मिला. घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीण, अभिभावक और परिजन विद्यालय पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर कई थानों की पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.

टीसी लेने गई थी छात्रा

पीड़िता आठवीं पास छात्रा बताई जा रही है. छात्रा का कहना है कि वह विद्यालय से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने गई थी, लेकिन उसे टीसी देने से मना कर दिया गया. छात्रा के अनुसार विद्यालय की एक शिक्षिका ने कहा कि शिक्षक राहुल शर्मा से मिलने पर काम हो सकता है. इसके बाद वह शिक्षक के घर पहुंची. छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने टीसी देने के बहाने उससे निजी सवाल पूछे और उसके साथ दुर्व्यवहार किया.

कुछ महीने पहले छात्रा का हुआ था अपहरण

छात्रा का कहना है कि कुछ माह पहले उसका अपहरण हो गया था और पुलिस उसे पश्चिम बंगाल से बरामद कर लाई थी. इसी मामले को लेकर शिक्षक उससे लगातार पूछताछ कर रहे थे. छात्रा के मुताबिक बातचीत के दौरान शिक्षक ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिससे वह घबरा गई. हालांकि आरोपी शिक्षक राहुल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है.

उनका कहना है कि छात्रा की अर्धवार्षिक परीक्षा लंबित थी और कुछ प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही टीसी जारी किया जाना था. शिक्षक ने दावा किया कि छात्रा जब उनके घर आई थी, तब उसके साथ उसकी चाची भी मौजूद थी.

पुलिस मामले की कर रही जांच

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा पहले भी इस तरह की शिकायत कर चुकी थी, लेकिन मामला संवेदनशील होने के कारण इसे सार्वजनिक नहीं किया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और विद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.

Also Read: बुनियादी सुविधाओं को लेकर AILRSA का मुंडी गरम प्रदर्शन, प्रशासन को स्मरण पत्र सौंपा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >