औरंगाबाद: दाउदनगर के स्कूल में दुर्गंधयुक्त चावल मामले की जांच शुरू, टीम ने सैंपल लेकर एनजीओ से मांगा स्पष्टीकरण

दाउदनगर के स्कूल में खराब चावल मिलने के मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। एनजीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है और चावल के सैंपल लैब भेजे गए हैं।

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जमुआंवा में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए उपलब्ध कराए गए चावल से दुर्गंध आने की शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. मामले को लेकर प्रकाशित खबर के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच कराए जाने की जानकारी सूत्रों से मिली है.

एनजीओ दफ्तर पहुंची टीम, चावल के दो सैंपल किए जब्त

सूत्रों के अनुसार, पदाधिकारियों की एक टीम संबंधित एनजीओ के कार्यालय पहुंची और वहां से जांच के लिए चावल के दो अलग-अलग प्रकार के सैंपल अपने साथ ले गई. इस संबंध में पूछे जाने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) कुमारी प्रियंका ने दूरभाष पर बताया कि चावल के सैंपल की जांच कराई गई है तथा संबंधित एनजीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

दुर्गंध के कारण 400 बच्चों को बिना भोजन किए लौटना पड़ा था घर

गौरतलब है कि सोमवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जमुआंवा के प्रधानाध्यापक डॉ मधेश्वर सिंह ने चावल में दुर्गंध होने की शिकायत करते हुए एमडीएम के लिए भेजे गए चावल को वापस लौटा दिया था. उन्होंने बताया था कि इसके कारण विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 400 बच्चों को भोजन करने के लिए घर भेजना पड़ा. प्रधानाध्यापक ने इस मामले की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को संदेश के माध्यम से तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को मोबाइल फोन पर दी थी.

प्रभात खबर ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा

इस मामले को प्रभात खबर ने सोमवार को डिजिटल में और मंगलवार के समाचार पत्र के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन द्वारा जांच शुरू किए जाने को गंभीरता से उठाए गए मामले का परिणाम माना जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >