Aurangabad News : कुटुंबा प्रखंड परिसर स्थित बहुउद्देशीय भवन में शुक्रवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में बिजली विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया. इस दौरान लोगों को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सब्सिडी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई. बीडीओ प्रियांशु बसु ने लोगों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने और योजना का लाभ लेने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताई आवेदन प्रक्रिया
कार्यशाला में बिजली विभाग के आरओ सर्वोत्तम कुमार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इच्छुक लाभुक योजना के पोर्टल पर पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज जमा करके इसका लाभ ले सकते हैं. उन्होंने कहा कि योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली की जरूरत को पूरा करने के साथ बिजली बिल में भी बचत की जा सकती है. सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने लोगों से योजना के संबंध में सही जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की.
Also Read : औरंगाबाद: मदनपुर में जर्जर भवन में चल रहा प्रखंड आपूर्ति कार्यालय, छत की सीलिंग टूटकर गिरने से हादसे का खतरा
घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का किया आह्वान
प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार ने लोगों को सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है. ऐसे में पात्र लोगों को आगे बढ़कर योजना का लाभ लेना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया. कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ बिजली खर्च को कम करने में भी सहायक है.
Also Read : खेत में मोटर स्टार्ट करने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, गांव में शोक
बिहार सरकार की अतिरिक्त सहायता की भी दी जानकारी
प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो फरवरी 2024 से संचालित है. उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को बिहार सरकार की ओर से भी योजना के तहत अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की गई है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सब्सिडी के अतिरिक्त बिहार सरकार की ओर से प्रति किलोवाट 10 हजार रुपये की दर से सहायता दिए जाने की बात कही गई है. केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता का लाभ उठाकर लोग अपने घरों पर सोलर सिस्टम लगवा सकते हैं. उन्होंने कहा कि इससे न केवल बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी.
पंचायत प्रतिनिधियों को गांवों तक योजना पहुंचाने की जिम्मेदारी
कार्यशाला में पंचायत प्रतिनिधियों के बीच भी योजना को लेकर चर्चा हुई और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने और पात्र लोगों को आवेदन के लिए प्रेरित करने की अपील की. इस अवसर पर उप प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह, बिजली जेई प्रिय कंचन कुमार निराला, नवीनगर जेई राजा कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष मंजीत यादव, मुखिया श्याम बिहारी राय, अरविंद पासवान, गुलाम सरवर, मुखिया प्रतिनिधि तौहीद आलम, पंचायत समिति सदस्य कंचन गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, अजय कुमार, दिलीप पासवान, धर्मेंद्र कुमार, मनीष कुमार, प्रवीण कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और लोग उपस्थित रहे.
Also Read : औरंगाबाद: मदनपुर में जर्जर भवन में चल रहा प्रखंड आपूर्ति कार्यालय, छत की सीलिंग टूटकर गिरने से हादसे का खतरा
