कुटुंबा के जनता कॉलेज के समीप गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार सब्जी व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
घायल की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के परसावां बिगहा गांव निवासी पंचम मेहता (40 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि पंचम मेहता प्रतिदिन की तरह गुरुवार की सुबह साइकिल पर सब्जी लादकर सतबहिनी बाजार में बेचने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान जनता कॉलेज के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पंचम मेहता साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं. आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, तब तक पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और फरार वाहन चालक की पहचान व तलाश शुरू कर दी.
कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि मामले में घायल के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन पर अंकुश लगाने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है.
