Aurangabad News : ओबरा प्रखंड मुख्यालय में कारा फीडर से लगातार हो रही विद्युत कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार की देर रात फूट पड़ा. नाराज लोगों ने ओबरा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और विभाग की कार्यशैली के खिलाफ नाराजगी जतायी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कारा फीडर से लगातार बिजली कटौती का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना था कि ओबरा क्षेत्र में कारा फीडर से लगातार बिजली की कटौती की जा रही है. इससे आमलोगों को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने और समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की.
अधिकारियों और कर्मचारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली से संबंधित समस्या होने पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन किया जाता है, लेकिन कई बार कॉल रिसीव नहीं किया जाता है. इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लोगों को समस्या के कारणों और बिजली बहाल होने की जानकारी नहीं मिल पाती है.
कनीय अभियंता के कार्यक्षेत्र से बाहर रहने का भी लगाया आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के कनीय अभियंता रात्रि के समय अपने कार्यक्षेत्र में रहने के बजाय सासाराम चले जाते हैं. लोगों का कहना था कि अधिकारी को अपने कार्यक्षेत्र में रहकर बिजली से संबंधित समस्याओं की निगरानी करनी चाहिए, ताकि किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में उसका तत्काल समाधान कराया जा सके.
11 हजार वोल्ट का तार टूटने से उत्पन्न हुई समस्या : कनीय अभियंता
कनीय अभियंता मिहिर कुमार उपाध्याय ने बताया कि कुराईपुर गांव के समीप 11 हजार वोल्ट का तार टूट जाने के कारण बिजली आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हुई थी. उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी को दूर करने के बाद विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गयी थी. वहीं, उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र से बाहर रहने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया.
बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रदर्शन में हुए शामिल
विरोध प्रदर्शन में चंदन कुमार, सहजानंद कुमार ‘डीकु’, सुलतान अहमद, जिशान अली, तौहीद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की.
Also Read : नवादा में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, दफनाए शव को निकलवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
