Aurangabad News : गोह प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा शामिल हुए. बैठक शुरू होने से पहले प्रखंड प्रमुख, पंचायत समिति के जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने विधायक का बुके और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया.
विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
बैठक में प्रखंड के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर पर आम लोगों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया.
पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करें अधिकारी : विधायक
गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
शिकायतों और प्रस्तावों पर प्राथमिकता से हो कार्रवाई : प्रमुख
प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी ने कहा कि पंचायत समिति की बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करना है. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों से प्राप्त शिकायतों एवं विकास संबंधी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
नल-जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पीडीएस योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नल-जल योजना की समीक्षा की गई. इसके अलावा शिक्षा विभाग की योजनाओं, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण तथा बाल विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
Also Read : औरंगाबाद के उत्तर कोयल नहर में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
जनप्रतिनिधियों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं
विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को बैठक में प्रमुखता से उठाया. इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके.
समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने का आह्वान
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक के अंत में क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया. पंचायत समिति की इस बैठक को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
