ई-निबंधन और पेपरलेस पंजीकरण व्यवस्था की डीएम ने की समीक्षा, पंचायत स्तर तक प्रचार-प्रसार के निर्देश

Aurangabad News : औरंगाबाद में ई-निबंधन व्यवस्था शुरू, अब घर बैठे ऑनलाइन स्लॉट बुक कर आसानी से कराएं अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री। पूरी प्रक्रिया और लाभ के बारे में यहाँ जानें।

Aurangabad News : जिले में लागू ई-निबंधन एवं पेपरलेस भूमि-संपत्ति पंजीकरण व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने समीक्षा बैठक की. उन्होंने नई व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन, नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं तथा पंचायत स्तर तक इसके व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने बताया कि औरंगाबाद जिला निबंधन कार्यालय में पेपरलेस निबंधन की सुविधा 3 अगस्त से, जबकि अवर निबंधन कार्यालय दाउदनगर में 17 अगस्त से शुरू हो चुकी है.

घर बैठे स्लॉट बुक कर सकेंगे नागरिक

ई-निबंधन व्यवस्था के तहत नागरिक सिटीजन आईडी बनाकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं. इसके बाद निबंधन के लिए घर बैठे स्लॉट या अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा मिलेगी. निर्धारित तिथि पर कार्यालय में बायोमेट्रिक, फोटो और केवाइसी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. निबंधन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज का डिजिटल लिंक मोबाइल या व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही नागरिक को दस्तावेज की रंगीन हार्ड कॉपी भी दी जाएगी.

ई-स्टाम्प से स्टाम्प की कमी की समस्या होगी कम

नई व्यवस्था में ई-स्टाम्प की सुविधा मिलने से स्टाम्प की उपलब्धता से जुड़ी परेशानी कम होने की उम्मीद है. दस्तावेजों पर डिजिटल साइन की सुविधा से उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित होगी. वहीं, डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहने से रिकॉर्ड में अनधिकृत बदलाव की संभावना भी कम होगी.

वृद्ध और दिव्यांगजनों को मिलेगा विशेष लाभ

घर बैठे स्लॉट बुक करने की सुविधा से वृद्धजन, दिव्यांगजन सहित अन्य नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा. जिलाधिकारी ने कहा कि ई-निबंधन का उद्देश्य नागरिकों को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध निबंधन सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को पंचायत स्तर तक नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया.

जिला निबंधन कार्यालय में बनाया गया सहायता काउंटर

नागरिकों की सहायता के लिए जिला निबंधन कार्यालय में विशेष काउंटर बनाया गया है. यहां फीस गणना, स्थल जांच प्रपत्र और तकनीकी समस्याओं के समाधान में नागरिकों को आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है. प्रशासन की ओर से नागरिकों से नई व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की गई है.

Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >