औरंगाबाद में भीषण गर्मी में वार्डों के एसी बंद, पसीने में इलाज कराने को मजबूर मरीज

औरंगाबाद सदर अस्पताल में गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां सैकड़ों मरीज उमस और लू से बेहाल हैं. अस्पताल के वार्डों के एयर कंडीशनर (एसी) लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठते सवालों के बीच, अस्पताल प्रबंधन ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है.

औरंगाबाद. भीषण उमस और गर्मी के बीच सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. अस्पताल के सामान्य वार्ड, महिला वार्ड समेत कई वार्डों में लगे एयर कंडीशनर (एसी) लंबे समय से बंद पड़े हैं. इसके कारण भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात यह हैं कि अधिकारियों के कक्ष ठंडे हैं, जबकि वार्डों में मरीज पसीने से तर-बतर होकर इलाज कराने को मजबूर हैं.

रोजाना सैकड़ों मरीजों को हो रही परेशानी

सदर अस्पताल में प्रतिदिन करीब 400 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. लेकिन वार्डों में एसी बंद रहने के कारण उमस भरी गर्मी से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कई मरीजों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है. वार्डों में केवल सीलिंग पंखों के सहारे राहत देने की कोशिश की जा रही है, जो पर्याप्त साबित नहीं हो रही.

मरीजों ने उठाए स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल

अस्पताल में भर्ती मरीज विक्रम कुमार, आशा देवी, सुमित्रा देवी, अशोक प्रसाद और कालेन्द्र दुबे ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के सरकारी दावे अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ देते हैं. उनका कहना है कि वार्डों में लगे एसी केवल शोपीस बनकर रह गए हैं. उमस भरी गर्मी के कारण मरीजों की तबीयत और बिगड़ने का खतरा बना हुआ है.

जल्द एसी ठीक कराने की उठी मांग

मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से सभी खराब एसी को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है. उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में वार्डों में ठंडक की समुचित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी न हो.

अस्पताल प्रबंधन ने दिया जल्द सुधार का भरोसा

अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला ने बताया कि वार्डों में लगे कुछ एसी खराब हैं. उन्हें ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी खराब एसी को चालू करा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है.

बिहार के औद्योगीकरण से ही मिलेगा स्थायी रोजगार, महाधिवक्ता सत्यदर्शी संजय ने बताई विकास की राह


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >