औरंगाबाद: ओबरा में ग्राम रक्षा दल का 30 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 200 से अधिक जवानों को मिलेगा प्रशिक्षण

औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में ग्राम रक्षा दल वाहिनी का 30 दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है. इसमें 200 से अधिक जवान भाग ले रहे हैं. यह प्रशिक्षण जवानों की कार्यकुशलता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय के खेल मैदान में मंगलवार से ग्राम रक्षा दल वाहिनी का 30 दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया. इस प्रशिक्षण शिविर में ओबरा प्रखंड के 200 से अधिक ग्राम रक्षा दल के जवान भाग ले रहे हैं.

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया गया. उद्घाटन समारोह में ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, तत्कालीन बीडीओ मो. यूनुस सलीम, ग्राम रक्षा दल के जिलाध्यक्ष गौरव कुमार, सुनील कुमार यादव एवं दिलीप भारती उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद शाह ने की, जबकि संचालन सुनील पांडेय ने किया.

शांति, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में निभाएंगे अहम भूमिका

समारोह के दौरान अतिथियों ने कहा कि ग्राम रक्षा दल समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी जवान अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करेंगे.

थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि ग्राम रक्षा दल एक पुरानी व महत्वपूर्ण संस्था है. इसके सदस्यों की सेवाएं धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में ली जाती हैं. उन्होंने जवानों से जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

लाठी संचालन से लेकर आपदा प्रबंधन का दिया जाएगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक रॉकी सिंह जवानों को आपदा प्रबंधन, राष्ट्रगान व राज्यगीत, लाठी संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की विस्तृत जानकारी देंगे.

जिलाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार आयोजित यह 30 दिवसीय प्रशिक्षण जवानों की कार्यकुशलता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा. मौके पर जिला संगठन मंत्री सुनील कुमार यादव, जिला सचिव दिलीप भारती, प्रखंड सचिव कविता कुमारी, मुखिया रेखा देवी, जय नारायण दास, शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में जवान उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Brajesh divedi

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >