Aurangabad News : एनटीपीसी नवीनगर द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 100 दिव्यांग लाभार्थियों के बीच कुल 484 सहायक उपकरण वितरित किए गए. कार्यक्रम में नवीनगर के विधायक चेतन आनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए और उपस्थित लोगों को संबोधित किया.
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एनटीपीसी की पहल सराहनीय : चेतन आनंद
अपने संबोधन में विधायक चेतन आनंद ने कहा कि एनटीपीसी नवीनगर अपने सीएसआर एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है. उन्होंने ग्रामीण समुदाय के कल्याण और जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने की दिशा में एनटीपीसी नवीनगर के प्रयासों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने में मदद मिलती है तथा दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त होता है.
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से लेकर कृत्रिम अंग तक किए गए वितरित
दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए. इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र, फोल्डेबल वॉकर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल थे. कुल 484 उपकरणों के वितरण से 100 दिव्यांग लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया.
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार पहल
एनटीपीसी नवीनगर द्वारा सीएसआर एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार विभिन्न पहल की जा रही हैं. दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण भी इसी क्रम में जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. कार्यक्रम में महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) मनोरंजन पाणिग्रही, महाप्रबंधक अनिल कुमार टीसी एवं अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओंकार नाथ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!
