औरंगाबाद: एनएच-19 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत

औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई. एक 50 वर्षीय व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनिया मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह हृदयविदारक हादसा उस समय हुआ, जब वह सड़क पार कर रहे थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला.

सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों में कोहराम

मृतक की पहचान बनिया गांव निवासी बृजदेव सिंह के पुत्र मुकेश सिंह (50 वर्ष) के रूप में की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश सिंह किसी आवश्यक कार्य से सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-19 को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. अपर थानाध्यक्ष राजेश पासवान ने बताया कि पुलिस टीम सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी हुई है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा की मांग

पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है. इसके लिए हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन का जल्द पता लगाया जा सके. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच-19 पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था करने और सुरक्षा उपायों को पुख्ता करने की पुरजोर मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay singh

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >