Muharram Meeting Aurangabad : (विनय सिंह किंकर) मदनपुर प्रखंड के देवजरा थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक हुई. यह बैठक आने वाले मुहर्रम त्योहार को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के लिए बुलाई गई थी. बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष कुशो कुमार ने की. इसमें इलाके के जनप्रतिनिधि, समाज सेवी, अखाड़ा कमेटी के सदस्य और दोनों समुदायों के प्रमुख लोग शामिल हुए.
अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील
बैठक में थानाध्यक्ष कुशो कुमार ने सभी लोगों से मुहर्रम के दौरान शांति बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने लोगों से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें.
Also Read: गोह पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई: तीन बाइक पर सवार 4 अपराधी धराए, 3 पिस्टल और 60 गोली बरामद
निर्धारित रूट से ही निकलेंगे ताजिया जुलूस, डीजे नियमों का करना होगा पालन
थानाध्यक्ष ने बैठक में जुलूस के रूट, समय और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. इसके साथ ही डीजे एवं लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर भी निर्धारित नियमों का अनुपालन करने की बात कही गई, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो. बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.
Aurangabad News: संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पुलिस की विशेष निगरानी
इस दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. पुलिस प्रशासन की ओर से बैठक में बताया गया कि क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेगा. बैठक के अंत में थानाध्यक्ष कुशो कुमार ने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए तत्पर है. उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मिल-जुलकर ही इस पर्व को सफल बनाया जा सकता है.
Also Read: औरंगाबाद में प्लास्टर का काम करने के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 27 वर्षीय मजदूर की मौत
