औरंगाबाद में मदार नदी के तेज बहाव में 16 वर्षीय किशोरी बही, मां और बहन को ग्रामीणों ने बचाया

Aurangabad News : रफीगंज के मंजखड गांव के पास मदार नदी में डूबने से एक किशोरी लापता है. मां और एक बेटी को ग्रामीणों ने बचा लिया, गोताखोरों द्वारा तलाश जारी है.

Aurangabad News : रफीगंज प्रखंड के भदवा पंचायत अंतर्गत मंजखड़ गांव के समीप मदार नदी पार करने के दौरान एक महिला और उसकी दो बेटियां तेज धार में बहने लगीं. ग्रामीणों ने महिला और उसकी एक बेटी को किसी तरह बचा लिया, जबकि 16 वर्षीय ब्यूटी कुमारी तेज बहाव में बह गयी. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था.

चचरी के सहारे नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा

बताया गया कि शैलोपुर गांव निवासी दीपू साव की पत्नी शोभा देवी अपनी दोनों बेटियों काजल कुमारी और ब्यूटी कुमारी के साथ उचौली मजार जाने के लिए घर से निकली थीं. मंजखड़ गांव के समीप ग्रामीणों द्वारा बांस की चचरी बांधकर नदी पार करने के लिए अस्थायी रास्ता बनाया गया था. तीनों उसी रास्ते से नदी पार कर रही थीं. इसी दौरान पानी के तेज बहाव के कारण तीनों नदी में गिर गयीं.

ग्रामीणों ने मां और एक बेटी को बचाया

नदी में गिरने के बाद तीनों डूबने से बचने के लिए शोर मचाने लगीं. नदी के आसपास मौजूद बलिगांव गांव के कुछ ग्रामीणों ने आवाज सुनकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद शोभा देवी और उनकी बेटी काजल कुमारी को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, ब्यूटी कुमारी तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गयी.

गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश के लिए गोताखोरों को नदी में उतारा गया. शैलोपुर और बलिगांव के करीब दर्जनों ग्रामीण भी नदी में उसकी तलाश में जुटे रहे. काफी प्रयास के बावजूद समाचार लिखे जाने तक ब्यूटी कुमारी का कोई सुराग नहीं मिल सका था.

गांव में पसरा मातम, पुलिस कर रही निगरानी

घटना के बाद शैलोपुर गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि नदी में लापता नाबालिग किशोरी की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है. पुलिस की निगरानी में खोजबीन जारी है.

Also Read : जनता दरबार में पहुंचे 24 आवेदन, डीएम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का दिया निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >