औरंगाबाद शहर के जसोइया मोड़ के समीप मां मुंडेश्वरी राइस मिल परिसर में रविवार को किसान सम्मान समारोह सह ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मगध रेंज के आइजी विकास वैभव, पूर्व आइपीएस बीके सिंह, मां मुंडेश्वरी ग्रुप के चेयरमैन सह भाजपा नेता गोपाल शरण सिंह, सीईओ गौरव सिंह एवं महिंद्रा ट्रैक्टर के स्टेट हेड बलवीर चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान आइजी एवं अन्य अतिथियों ने जिलेभर से पहुंचे किसानों को सम्मानित किया.
मगध आइजी विकास वैभव ने कहा कि मगध का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है. मगध की धरती ने देश का नेतृत्व किया है. भगवान श्रीकृष्ण ने भी जरासंध की प्रशंसा की थी. यही धरती भगवान बुद्ध की कर्मभूमि रही है.
उन्होंने कहा कि मगध की प्राचीन सैन्य शक्ति अत्यंत विशाल थी. इतिहास में मगध की सेना में लाखों पैदल सैनिकों के साथ हजारों घुड़सवार, हाथी और रथ शामिल होने का उल्लेख मिलता है. जब मगध की विशाल सेना निकलती थी, तो उसके कदमों और हाथियों-घोड़ों की टापों से उठने वाली धूल से सूर्य तक छिप जाता था.
विकसित बिहार बनाने में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण
विकास वैभव ने कहा कि बिहार में एक व्यक्ति की औसत मासिक आय 6,374 रुपया है जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है. बिहार को विकसित किए बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता है. राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसरों की कमी के कारण पलायन की समस्या बनी हुई है. इससे निपटने के लिए बिहार को मेहनत के साथ विकास की लंबी छलांग लगानी होगी.
उन्होंने कहा कि बिहार को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने के लिए तेज आर्थिक विकास की आवश्यकता है. बिहार ने शून्य एवं गणित की अवधारणाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. अब समय आ गया है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुरूप राष्ट्र निर्माण में योगदान दे.
आइजी ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. समाज को आगे बढ़ाने के लिए जाति और समुदाय से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करना होगा. सहयोग और सहभागिता से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है. उन्होंने कहा कि ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराकर नए बिहार के निर्माण के लिए प्रेरित करना है.
उन्होंने कहा कि जब बिहार में शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा लोगों को इन सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा, तभी विकसित बिहार का सपना साकार होगा. अगर मगध जाग गया, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से पूरा होगा.
तान्या ने गीतों से बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान जानी-मानी गायिका तान्या मौआर ने अपने गीतों से समां बांध दिया व लोगों का खूब मनोरंजन किया. उसने अपने गीत से आइजी का स्वागत भी किया. साथी कलाकारों ने भी माहौल को खुशनुमा बना दिया.
किसानों से की पौधरोपण की अपील
मां मुंडेश्वरी ग्रुप के चेयरमैन गोपाल शरण सिंह ने कहा कि किसान सृष्टि को जीवन देने का कार्य करते हैं. पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए.
उन्होंने किसानों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. समारोह में लव सिंह, राजेश रंजन उर्फ चुन्नू, ई. सुबोध सिंह, राकेश सिंह आदि बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.
