जिलेभर में चला सघन वाहन जांचसे तस्करों में हड़कंप

एसपी के निर्देश पर रात भर चला पुलिस का सख्त अभियान

एसपी के निर्देश पर रात भर चला पुलिस का सख्त अभियान औरंगाबाद कार्यालय. पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल के निर्देश के आलोक में अपराध की रोकथाम व विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से औरंगाबाद पुलिस द्वारा पूरी रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान विशेष रूप से झारखंड से जिले को जोड़ने वाले मुख्य पथों पर केंद्रित रहा, जहां जगह-जगह चेक प्वाइंट बनाकर वाहनों की गहन जांच की गयी. अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया समेत हर प्रकार के वाहनों की तलाशी ली गयी. संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गयी तथा वाहन से संबंधित कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा व अन्य वैध दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गयी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल यातायात नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं था, बल्कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य रहा. झारखंड-बिहार सीमा से होकर मादक पदार्थों की संभावित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती गयी. कई स्थानों पर तकनीकी संसाधनों की सहायता से भी जांच की गयी. एसपी अंबरीश राहुल ने निर्देश दिया है कि अपराधियों, तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी जाये. आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार चलाये जायेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और जिले में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे. आमजन से भी अपील की गयी है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >