पति पर ही लगाया बच्चा चोरी करने का आरोप, सदर अस्पताल में हंगामा

लॉ की पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच हुआ था प्रेम, दूसरे बच्चे के जन्म के दौरान हुआ विवाद, सदर अस्पताल में बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हड़कंप, जांच के बाद युवक को मिली क्लीन चिट

लॉ की पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच हुआ था प्रेम, दूसरे बच्चे के जन्म के दौरान हुआ विवाद

सदर अस्पताल में बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हड़कंप, जांच के बाद युवक को मिली क्लीन चिट

प्रतिनिधि, औरंगाबाद ग्रामीण.

सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब एक युवक अपनी नवजात बच्ची को लेकर अस्पताल से बाहर निकल रहा था और उसकी पत्नी व सास ने उस पर बच्चा चोरी करने का आरोप लगा दिया. अचानक हुए इस हंगामे के बाद अस्पताल परिसर में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी और सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया. घटना के संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल नगर थाने को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को उपाधीक्षक कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की. अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत ने बताया कि बच्चा चोरी की सूचना मिलने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों को सूचित किया गया. पुलिस जांच के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि आरोपित युवक उसका पति नहीं है और वह बच्ची को जबरन ले जा रहा था. महिला का दावा था कि युवक ने धोखे से शादी का झांसा देकर संबंध बनाये और अब वह बच्ची को चुराने का प्रयास कर रहा है. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वह युवक की पहली पत्नी नहीं है और वह पहले भी कई लड़कियों को शादी के नाम पर ठग चुका है. वहीं, युवक के परिजनों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए महिला को चरित्रहीन और धन के लिए झूठे आरोप लगाने वाली बताया. उन्होंने कहा कि युवक निर्दोष है और महिला जबरन उसे फंसा रही है. नगर थाने की सब-इंस्पेक्टर शिखा कुमारी ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. प्राथमिक जांच में युवक पर लगाये गये आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी. ऐसे में पुलिस ने युवक को उसकी बच्ची के साथ छोड़ दिया और महिला को सलाह दी कि वह सुरक्षा की दृष्टि से कोर्ट या थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा सकती हैं.

प्रेम कहानी से शुरू होकर विवाद तक पहुंचा मामला

जांच के दौरान सामने आया कि युवक विश्वजीत कुमार सोनी और युवती की मुलाकात जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में लॉ की पढ़ाई के दौरान हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वे औरंगाबाद शहर में एक किराये के कमरे में साथ रहने लगे. महिला का कहना है कि विश्वजीत ने उसे सिंदूर लगाकर पत्नी स्वीकार किया था. समय बीतने के साथ दोनों के संबंधों में तनाव बढ़ता गया. महिला ने आरोप लगाया कि विश्वजीत उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. यहां तक कि उसने कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे जिससे वह उसकी निगरानी करता था. 23 जून को महिला ने सदर अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया. उसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद और तेज हो गया, जिसकी परिणति शनिवार को बच्चा चोरी की अफवाह के रूप में हुई.

अस्पताल परिसर में दिनभर बना रहा चर्चा का विषय

यह मामला पूरे दिन सदर अस्पताल परिसर में चर्चा का केंद्र बना रहा. हालांकि, पुलिस की तत्परता और निष्पक्ष जांच से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया. अब यह देखना होगा कि मामला आगे क्या रुख लेता है, क्योंकि दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से स्थिति और भी उलझती जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >