Amba Liquor Smuggling : बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं. औरंगाबाद जिले के अंबा स्थित एनएच-139 के एरका चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो से महुआ शराब ले जा रही पांच महिलाओं और एक चालक को गिरफ्तार किया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिलाएं गोद में बच्चों को लेकर सफर कर रही थीं, ताकि किसी को उन पर शक न हो.
संदेह के आधार पर रोका गया ऑटो
उत्पाद विभाग के पदाधिकारी राजेश साहनी ने बताया कि हरिहरगंज की ओर से आ रहे एक ऑटो को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई. तलाशी के दौरान ऑटो में सवार पांच महिलाओं के पास अलग-अलग मात्रा में महुआ शराब बरामद हुई. मौके से कुल 32 लीटर महुआ शराब जब्त की गई.
इन महिलाओं के पास से मिली शराब
गिरफ्तार महिलाओं में बारुण थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी पूजा कुमारी के पास से 10 लीटर, अंबा थाना क्षेत्र के आजाद बिगहा निवासी रंजू देवी के पास से 10 लीटर, गुड्डी देवी के पास से 3 लीटर, मंजू देवी के पास से 6 लीटर तथा जितन देवी के पास से 3 लीटर महुआ शराब बरामद हुई.
ऑटो चालक भी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक अंबा निवासी नदीम अशरफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया. उत्पाद विभाग ने ऑटो को भी जब्त कर लिया है.
मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद विभाग ने सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
