औरंगाबाद जिले के दाउदनगर अनुमंडल अग्निशामालय के तत्वावधान में मंगलवार को अगलगी की घटनाओं से बचाव एवं लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी. साथ ही लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट का वितरण किया गया.
अंछा पंचायत क्षेत्र से अभियान की शुरुआत
अग्निशमन विभाग की टीम ने दाउदनगर प्रखंड के अंछा पंचायत क्षेत्र में स्थित किराना दुकान से अभियान की शुरुआत की. इसके बाद अंछा स्थित पेट्रोल पंप पर मॉक ड्रिल कर आग से बचाव के उपाय बताए गए.
वहीं अंछा के वार्ड संख्या आठ में लकड़ी की दुकान पर भी मॉक ड्रिल आयोजित किया गया. लकड़ी जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की जानकारी दी गई.
प्रमोद चौक व खाद दुकानों पर अग्निशमन यंत्रों के सही प्रयोग की दी गई जानकारी
इसके अलावा नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड संख्या-16 स्थित प्रमोद चौक के पेट्रोल पंप तथा अंछा के वार्ड संख्या-11 स्थित खाद दुकान में भी मॉक ड्रिल किया गया. अग्निशमन कर्मियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आग लगने पर सुरक्षित निकासी तथा दमकल विभाग को तत्काल सूचना देने के बारे में बताया.
अग्निक पूजा कुमारी व अमल कुमार की सक्रिय भूमिका
इस अभियान में अग्निक पूजा कुमारी एवं अग्निक अमल कुमार सहित अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
Also Read : पितृपक्ष में मध्यप्रदेश से गया जी के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, जानें तारीख और समय
आपदा के समय घबराने की जगह तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील
विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे आग से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें.
