औरंगाबाद: उर्वरक की कालाबाजारी पर सख्ती, अधिक कीमत वसूली पर होगी एफआईआर : एसडीओ

दाउदनगर में किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए बैठक हुई. एसडीओ ने थोक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं. अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों पर FIR दर्ज होगी.

Aurangabad News : दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में धरती माता बचाओ निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल के सभी थोक उर्वरक विक्रेता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना तथा कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाना रहा.

थोक विक्रेताओं को सख्त निर्देश

एसडीओ अमित राजन ने सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में उर्वरक की जमाखोरी नहीं की जाए और न ही अधिक मात्रा में बिक्री की जाए. उन्होंने कहा कि खुदरा विक्रेताओं को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी अन्य उत्पाद की जबरन खरीद के लिए बाध्य नहीं किया जाए.

जैविक खेती और संतुलित उपयोग पर जोर

बैठक में किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं आवश्यकता के अनुरूप उपयोग के लिए जागरूक करने और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया, ताकि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहे.

प्रतिदिन होगा उर्वरक दुकानों का निरीक्षण

एसडीओ ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को प्रतिदिन उर्वरक दुकानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर इसकी सूचना अनुमंडल कार्यालय को दी जाए.

शिकायत मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी रजनीकांत भारती ने बताया कि खुदरा विक्रेताओं की ओर से अक्सर शिकायत मिलती है कि थोक विक्रेता उन्हें निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध नहीं कराते, जिससे किसानों तक उचित मूल्य पर खाद पहुंचाने में परेशानी होती है. इस पर एसडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकार द्वारा तय कीमत से अधिक दर पर उर्वरक बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

यूरिया 266.50 और डीएपी 1350 रुपये से अधिक पर बिक्री नहीं

एसडीओ ने बताया कि सरकार ने यूरिया का अधिकतम खुदरा मूल्य 266.50 रुपये प्रति बैग तथा डीएपी का मूल्य 1,350 रुपये प्रति बैग निर्धारित किया है. इससे अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ जांच कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक की कमी या अधिक कीमत की समस्या नहीं होने दी जाएगी. किसी भी परेशानी की स्थिति में किसान संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी या अनुमंडल कृषि पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं.

बैठक में दाउदनगर के प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार, गोह के राहुल कृष्णमूर्ति, हसपुरा के रंजीत कुमार, प्रक्षेत्र दाउदनगर के सत्यम आनंद, कृषि विभाग के अकाउंटेंट श्रीकांत कुमार सिंह सहित दाउदनगर अनुमंडल के सभी थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >