Aurangabad News : खरीफ सीजन के बीच दाउदनगर प्रखंड क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद की कमी से किसान परेशान हैं. धान की फसल में खाद डालने का समय होने के कारण किसान लगातार खाद वितरण केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं. गुरुवार को बिस्कोमान भवन स्थित खाद वितरण केंद्र पर किसानों की लंबी कतार लगी रही. डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से कई किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कई किसान बिना खाद लिए ही लौट गए.
भीड़ बढ़ने पर अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
खाद वितरण के दौरान किसानों की भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी बब्लू कुमार, कृषि समन्वयक राजीव रंजन सिंह तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने किसानों को कतारबद्ध कराते हुए निगरानी में खाद का वितरण कराया और स्थिति को सामान्य किया.
डीएपी का स्टॉक खत्म, फिलहाल यूरिया का हो रहा वितरण
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल उपलब्ध यूरिया का वितरण किसानों के बीच किया जा रहा है, जबकि डीएपी का भंडार पूरी तरह समाप्त हो चुका है. अधिकारियों के अनुसार डीएपी की नई खेप उपलब्ध होते ही किसानों के बीच उसका वितरण शुरू कर दिया जाएगा. विभाग ने भरोसा दिलाया कि खाद की उपलब्धता होते ही निर्धारित व्यवस्था के तहत सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : डॉ. प्रेम कुमार का 71वां जन्मदिन सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया, नवादा से पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
किसानों ने जताई चिंता
किसान राजेंद्र सिंह और अजीत कुमार ने बताया कि धान की फसल के लिए इस समय डीएपी और यूरिया दोनों की आवश्यकता है. समय पर डीएपी उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी, जिससे किसानों में नाराजगी है.
Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी
नई खेप आते ही शुरू होगा वितरण
बिस्कोमान के प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि डीएपी की नई खेप उपलब्ध होते ही किसानों के बीच उसका वितरण शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने किसानों से खाद उपलब्ध होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की.
Also Read : डॉ. प्रेम कुमार का 71वां जन्मदिन सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया, नवादा से पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
