औरंगाबाद नगर पर्षद की विशेष बैठक में ईओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, 15 दिनों में लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश

Aurangabad News : दाउदनगर नगर पर्षद की बैठक में ईओ को 15 दिनों के भीतर लंबित विकास कार्यों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है. आवंटन की कमी से कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

Aurangabad News : औरंगाबाद नगर पर्षद बोर्ड की विशेष बैठक मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी की अध्यक्षता में नगर पर्षद सभागार में आयोजित की गई. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यप्रणाली के कारण प्रशासनिक और विकासात्मक कार्य प्रभावित होने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्य पार्षद ने विभिन्न लंबित योजनाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी को 15 दिनों के अंदर लंबित कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया.

काली घाट पार्क में अब तक नहीं मिलीं जरूरी सुविधाएं

मुख्य पार्षद ने कहा कि वार्ड संख्या 9 में करीब नौ-दस महीने से काली घाट पार्क बनकर तैयार है, लेकिन अब तक वहां फव्वारा, बेंच और जिम की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है. करीब डेढ़ वर्ष पहले सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने का मामला भी बैठक में उठाया गया. उन्होंने कहा कि कई योजनाओं का टेंडर या री-टेंडर नहीं कराया गया है. कई स्थानों पर तिरंगा लाइट खराब है, जबकि नालियों के पटिये टूटे हुए हैं. शहीद प्रमोद सिंह चौक के सौंदर्यीकरण की योजना को लेकर भी चर्चा की गई.

ऑनलाइन टैक्स भुगतान की व्यवस्था प्रभावित होने पर जताई नाराजगी

मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पर्षद में ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने के लिए सॉफ्टवेयर मंगाया गया है, लेकिन ऑनलाइन टैक्स भुगतान की व्यवस्था प्रभावित है. उन्होंने कहा कि यदि आवंटन की कमी है तो कार्यपालक पदाधिकारी स्पष्ट रूप से बताएं कि कितनी राशि की आवश्यकता है. विभागीय स्तर पर आवंटन के लिए प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि ईओ ने लंबित मामलों के निष्पादन के लिए 15 दिनों का समय लिया है. निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं होने पर दोबारा विशेष बैठक बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित करने पर विचार किया जा सकता है.

विशेष बैठक बुलाने पर भी पार्षदों ने उठाए सवाल

बैठक में वार्ड पार्षद बसंत कुमार ने कहा कि यदि ईओ की कार्यप्रणाली के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तो यह गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि पहले इस मामले को सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लाया जाना चाहिए था. सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. केदारनाथ सिंह ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना स्टैंडिंग कमेटी में मामला लाए विशेष बैठक बुलाई गई है. उन्होंने सभी लंबित योजनाओं का भुगतान कराने के साथ चयनित योजनाओं और स्ट्रीट लाइट का टेंडर कराने की मांग की.

Also Read : औरंगाबाद में पार्थेनियम से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, केवीके वैज्ञानिकों ने बताए नियंत्रण के उपाय

नाला उड़ाही और डस्टबिन वितरण का मुद्दा भी उठा

वार्ड पार्षद दिनेश प्रसाद ने जगन मोड़ नाला की उड़ाही का मामला उठाया. वहीं कुछ पार्षदों ने डस्टबिन वितरण को लेकर भी सवाल किए. डॉ. केदारनाथ सिंह ने कहा कि वार्ड संख्या 22 और 25 में वे डस्टबिन नहीं बंटवाएंगे. बैठक में बताया गया कि सभी वार्डों में 50-50 लाख रुपये की विकास योजनाओं की स्वीकृति दी गई है.

आवंटन की कमी से विकास कार्य प्रभावित : ईओ

ईओ ऋषिकेश अवस्थी ने कहा कि करीब एक वर्ष से सरकार की ओर से आवंटन नहीं मिला है. 15वें वित्त की राशि में 4 करोड़ 98 लाख रुपये उपलब्ध हैं, जबकि देनदारी करीब दोगुनी है. इसके कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि जिम के सामान और सीसीटीवी कैमरे लगाने का टेंडर कराया जा चुका है. सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल थाना से होगा, जबकि नगर पर्षद कार्यालय में भी इसकी स्क्रीन रहेगी.

Also Read : औरंगाबाद में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर कार्यशाला, घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए किया जागरूक

15 दिनों में कार्यों में सुधार का दिया आश्वासन

ईओ ने बताया कि स्ट्रीट लाइट की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और अब इसे तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के लिए भेजा जाना है. उन्होंने 15 दिनों के अंदर संबंधित कार्यों में सुधार का आश्वासन दिया. साथ ही कहा कि उनके कार्यों का मूल्यांकन किया जाए.

बैठक में कई पार्षद और समिति सदस्य रहे मौजूद

बैठक में उप मुख्य पार्षद कमला देवी, सशक्त स्थायी समिति सदस्य जयगोविंद प्रसाद, वार्ड पार्षद बबीता देवी, एहसान अहमद, भूपेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ चिटु मिश्रा, सोहैल अंसारी, राजू राम, गुंजा देवी, जगिया देवी, संजय प्रसाद, गुड़िया देवी, सोनी देवी, सुशीला देवी, मोतीलाल, रूबी देवी, बेबी देवी, सीमा देवी, राधारमण पुरी और संतोष कुमार उपस्थित रहे.

Also Read : औरंगाबाद में विश्व उद्यमिता दिवस पर स्टार्टअप और मार्केट एक्सेस पर चर्चा, युवाओं को बताए सफलता के मंत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >