देवकुंड में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मंदिर परिसर में हुई बैठक में सर्वांगीण विकास पर परिचर्चा, जनप्रतिनिधि व मठाधीश हुए शामिल

गोह. बाबा दुधेश्वरनाथ की नगरी देवकुंड के सर्वांगीण विकास को लेकर देवकुंड मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण परिचर्चा आयोजित की गयी. इस परिचर्चा में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे. धाम के मठाधीश कन्हैया नंदपुरी ने कहा कि देवकुंड धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं. उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया. इस अवसर पर कुर्था विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने कहा कि देवकुंड धाम के विकास को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जायेगा. उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही. बेल्ट्रॉन के अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि देवकुंड धाम को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए डिजिटल व्यवस्था, सूचना केंद्र और तकनीकी सहयोग पर भी विचार किया जाना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके. रेलवे संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक मनोज सिंह यादव ने देवकुंड धाम तक पहुंच को आसान बनाने के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था और रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.परिचर्चा के दौरान उपस्थित अन्य लोगों ने भी देवकुंड धाम के समग्र विकास को लेकर अपने सुझाव रखे. सभी ने एक स्वर में देवकुंड धाम को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए संयुक्त प्रयास की आवश्यकता पर सहमति जतायी. बैठक के अंत में देवकुंड धाम के विकास को लेकर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया. मौके पर पूर्व मुखिया राम कृपाल विश्वकर्मा,छठू तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >