चुनाव वाद पर कार्रवाई : गोह व नवीनगर की इवीएम-वीवीपैट को अलग से रखा गया सुरक्षित

AURANGABAD NEWS.विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना परिणाम से असंतुष्ट प्रत्याशियों की ओर से दायर निर्वाचन वाद के मामले में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है. निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार गोह और नवीनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित इवीएम और वीवीपैट मशीनों को वेयर हाउस में अलग से सुरक्षित रखने की प्रक्रिया पूरी की गयी.

मतगणना से असंतुष्ट प्रत्याशी ने दर्ज कराया था निर्वाचन वाद

औरंगाबाद शहर.

विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना परिणाम से असंतुष्ट प्रत्याशियों की ओर से दायर निर्वाचन वाद के मामले में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है. निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार गोह और नवीनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित इवीएम और वीवीपैट मशीनों को वेयर हाउस में अलग से सुरक्षित रखने की प्रक्रिया पूरी की गयी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की उपस्थिति में सदर प्रखंड परिसर स्थित इवीएम गोदाम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला गया. पूरी कार्रवाई निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न करायी गयी. इस दौरान गोह और नवीनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित इवीएम और वीवीपैट मशीनों की पहचान, मिलान और आवश्यक अभिलेखीकरण किया गया. इसके बाद मशीनों को अलग सुरक्षित रखने की प्रक्रिया पूरी की गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत की गयी है और इसका उद्देश्य चुनावी वाद के निष्पादन तक मशीनों को संरक्षित रखना है. कार्रवाई के दौरान नवीनगर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता श्वेतांक लाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली, वेयर हाउस प्रभारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. इसके अलावा गोह विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रतिनिधि पंकज कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. उपस्थित प्रतिनिधियों में जदयू के कार्यकारी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू सिंह, जयप्रकाश कुमार, अमोद कुमार सिंह और शशि सिंह सहित अन्य शामिल थे.

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप इवीएम और वीवीपैट को अलग संरक्षित किये जाने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गयी हैं. इसे प्रशासनिक पारदर्शिता और कानूनी सतर्कता के तौर पर देखा जा रहा है. अब सभी की नजरें आगे की न्यायिक प्रक्रिया और संभावित सुनवाई पर टिकी हैं. लोग अपने-अपने स्तर पर कयास भी लगा रहे हैं. बता दें कि गोह विधानसभा सीट से राजद जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने जीत दर्ज की है. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी व पूर्व विधायक भाजपा प्रत्याशी डॉ. रणविजय कुमार ने चुनाव परिणाम पर असंतोष जताते हुए निर्वाचन वाद दायर किया था. वहीं नवीनगर विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी चेतन आनंद ने जीत हासिल की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >