पुत्री की शादी के लिए रखे थे जेवरात, उड़ा ले गये चोर

AURANGABAD NEWS.बुधवार की रात शहर के वार्ड संख्या-12 संगत गली स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोरों ने लगभग 25 से 30 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. उक्त मकान हनुमान मंदिर कमेटी दाउदनगर के अध्यक्ष कुमार नरेंद्र देव का है.

दाउदनगर में निर्माणाधीन मकान से 25-30 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

दाउदनगर.

बुधवार की रात शहर के वार्ड संख्या-12 संगत गली स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोरों ने लगभग 25 से 30 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. उक्त मकान हनुमान मंदिर कमेटी दाउदनगर के अध्यक्ष कुमार नरेंद्र देव का है. चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर चोरी की घटना का अंजाम दिया. गृहस्वामी ने बताया कि निर्माणाधीन मकान के कमरे में स्थित गोदरेज में कीमती जेवरात व नकद पैसे रखे हुए थे. लगभग 20 से 25 लाख रुपये के सोने -चांदी के जेवरात और करीब तीन लाख रुपये नकद चोरों ने चुरा लिये. चोर बाहरी दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर घुसे थे.चोरों ने अंदर के भी एक कमरे की कुंडी काट दी और उस कमरे में रखे अलमारी को तोड़कर घटना का अंजाम दिया. इसके बाद कपड़ों को घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर फेंक कर कर चोर भाग गये. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद दाउदनगर थाने के सब इंस्पेक्टर परमानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की. आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुत्री के विवाह के लिए रखे थे कीमती जेवरात

कुमार नरेंद्र देव की एकमात्र पुत्री बेंगलुरु में इंजीनियर है. उनके विवाह की तैयारी चल रही थी. इसलिए कीमती जेवरात भी रखे हुए थे, जिसे चोरों ने चुरा लिया. कुमार नरेंद्र देव की ओर से दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि चोरी गये जेवारातों में चार पीस सोने की चेन, चार पीस हाथ का बाला, एक पीस गले का हार, एक मंगलसूत्र, पांच कान का बाली, दो पीस हीरे की अंगूठी, 10 पीस सोने की अंगूठी, छह जोड़ा पायल, एक चांदी का कटोरा, एक किलोग्राम चांदी , 50 चांदी का सिक्का सहित तीन लाख रुपये नकद शामिल है.

इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग

चोरी की यह घटना दाउदनगर शहर के मुख्य बाजार में घटी है. मुख्य बाजार से संघत गली जाने वाले रास्ते में कुमार नरेंद्र देव का निर्माणाधीन मकान है, जिसमें चोरों ने चोरी की घटना का अंजाम दिया है. चोरी की घटना का पता जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, तो काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गये और घटना की जानकारी ली. स्थानीय लोगों ने बाजार में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की इस घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >