कनपा रोड में दीवार को तोड़कर अंदर घुसे चोर प्रतिनिधि, हसपुरा. हसपुरा बाजार के कनाप रोड में शनिवार की रात दीवार तोड़कर अनिल मिष्ठान व चाय के होटल में चोरों ने चोरी की घटना का अंजाम दिया. बताया जाता है कि चोर बगल की गली में सीढ़ी लगाकर दीवार को तोड़ अंदर घुस गये. इसकी जानकारी होटल मालिक अनिल प्रसाद को तब हुई, जब रविवार की सुबह होटल खोलने पहुंचे. उन्होंने जब होटल का सामने से दरवाजा खोला, तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. जब मिठाई रखने वाला काउंटर व बक्से (गल्ला) पर नजर गयी, तो देखा कि बेहतर क्वालिटी की मिठाई व गल्ले में रखे पैसे गायब हैं. पता चला कि चोरों ने करकट का छज्जा तोड़ दिया था. वैसे इस होटल में अब तक आठ बार चोरी हो चुकी है. जब भी चोरी होती है, तो मिठाई, रुपये समेत हजारों के सामान गायब होते हैं. हालांकि, शुरू में गैस सिलिंडर, पंखा व पूजा करने वाला चांदी का सिक्का चोरों का हाथ लगा था. कुछ दिनों तक व्यवसायी होटल से कीमती सामान को बगल की दुकान में रखता था. सवाल यह उठता है कि पुलिस की गश्ती रहने के बावजूद बाजार में हमेशा चोरी क्यों हो रही है. हालांकि, जिस तरह से दीवार में सेंध लगाया गया, उससे चर्चा है कि कम उम्र का कोई बच्चा ही होटल में घुसा होगा. बड़ी बात यह है कि नशेड़ी उचक्के पर चोरी का संदेह जा रहा है. कभी ये मोबाइल छीन लेते हैं, तो कभी मोटर पंप या चापाकल की सामग्री की चोरी कर लेते हैं. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राम एकबाल सिंह, समाजसेवी सुरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ विपिन कुमार, रवींद्र यादव, मुन्ना पटेल ने कहा कि होटल व्यवसायी अनिल प्रसाद को लगातार तंग किया जा रहा है.
होटल में आठवीं बार चोरी, रुपये व मिठाई ले गये चोर
कनपा रोड में दीवार को तोड़कर अंदर घुसे चोर
