पिपरा पंचायत के बरौली में प्राचीन ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी

मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है. मुख्य मंदिर के बगल में स्थित हनुमान जी की मंदिर से चांदी का मुकुट भी चोरी हुई है

औरंगाबाद ग्रामीण. सदर प्रखंड अंतर्गत जम्होर थाना क्षेत्र के बरौली गांव में स्थित प्राचीन ठाकुरबाड़ी मंदिर से अष्टधातु की राम, लक्ष्मण, जानकी की प्राचीन मूर्तियों को चुराये जाने का मामला प्रकाश में आया है. मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है. मुख्य मंदिर के बगल में स्थित हनुमान जी की मंदिर से चांदी का मुकुट भी चोरी हुई है. उसकी भी कीमत लाखों रुपये बतायी जाती है. ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात में चोरों द्वारा घटना काे अंजाम दिया गया है. वैसे ग्रामीणों द्वारा इस घटना से संबंधित थाने को आवेदन दिया गया है और मांग की गयी है कि चोरी गई ठाकुर जी की मूर्तियों को जल्द से जल्द बरामद की जाये व चोरों को गिरफ्तार भी किया जाये. इधर, इस घटना के बाद से गांव के लोग मर्माहत है. जम्होर थाने की पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की है. थानाध्यक्ष नीतीन नवीन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि पुलिस जल्द मामले की तह तक पहुंचेगी. कुछ दिन पहले गोह के एक गांव में भी इसी तरह की घटना हुई थी. वहां से भी भगवान के मुकुट सहित चांदी के जेवरात चोरों ने चुरा लिये थे. एक माह के भीतर हुई दो घटना से मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है. एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया है. चोरी गये मुर्तियों और सामानों को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है. बहुत जल्द स्थिति स्पष्ट हो जायेगी और चोर पुलिस के शिकंजे में होंगे. इधर, जानकारी मिली कि मंदिर के आसपास आबादी नहीं थी. अक्सर उचक्कों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता था. संभावना जतायी जा रही है कि इन्हीं लोगों ने भगवान की मूर्तियों और सामग्रियों की चोरी की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >