बच्चों में सीखने और मेल-जोल की भावना होगी विकसित

आंगनबाड़ी केंद्र में बाल मेले का आयोजन

औरंगाबाद ग्रामीण. सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय तेतरिया के तत्वावधान में संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र में सर्व शिक्षा अभियान के तहत बाल मेले का आयोजन किया गया. इस आयोजन का उद्देश्य आंगनबाड़ी के बच्चों को विद्यालयी माहौल से परिचित कराना और उनमें आपसी समन्वय, सामाजिक व्यवहार तथा सीखने की रुचि विकसित करना था. बाल मेला विद्यालय द्वारा आयोजित कराया गया, जिसमें विद्यालय से जुड़े आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ-साथ बालक विद्यालय से कक्षा एक एवं दो के बच्चों को भी शामिल किया गया. अप्रैल से आंगनबाड़ी के बच्चे कक्षा एक में नामांकित होंगे. इसी को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन किया गया, ताकि बच्चे पहले से ही विद्यालय के वातावरण से घुल-मिल सकें और आगे की पढ़ाई में किसी प्रकार की झिझक न रहे. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अब्दुल रहीम अंसारी, शिक्षिका शिल्पी कुमारी, अंजली शुक्ला, आंगनबाड़ी सेविका सुमन देवी, सहायिका गीता देवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं. मो मेराज अख्तर एवं शिक्षिका अंजली शुक्ला ने बच्चों को खेल-खेल में गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान किया. शिक्षक शिवपूजन प्रसाद ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभायी. प्रतियोगिता परिणाम के अनुसार कविता गायन में आरवी गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. रंगों की पहचान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्वीटी, द्वितीय स्थान रुचिका एवं तृतीय स्थान यश को मिला. वहीं सब्जियों की पहचान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यश, द्वितीय स्थान स्वीटी तथा तृतीय स्थान युवराज ने हासिल किया. कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय प्रधानाध्यापक की ओर से सभी सफल प्रतिभागियों को कॉपी, कलम, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >