जनगणना-2027 की तैयारी तेज, औरंगाबाद में जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू, डीएम ने दिए पारदर्शिता के निर्देश

जनगणना 2027 की तैयारी के लिए जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. जिला स्तरीय क्षेत्रीय कार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है, जो विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाएगा.

Aurangabad News: भारत की जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी क्रम में शुक्रवार को योजना भवन स्थित सभागार में जिला स्तरीय क्षेत्रीय कार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण का उद्घाटन किया और अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

विकास योजनाओं का आधार बनेंगे जनगणना के आंकड़े

डीएम अभिलाषा शर्मा ने कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका जनगणना का महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें जिले के प्रत्येक गांव और नगर में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं का विस्तृत विवरण संकलित किया जाता है. उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान जुटाए गए आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं. इसलिए सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और सटीकता के साथ निभाएं.

24 जुलाई तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम

17 जुलाई से 24 जुलाई तक चलने वाले प्रशिक्षण में क्षेत्रीय कर्मियों और चार्ज पदाधिकारियों को आंकड़ा संग्रहण की प्रक्रिया, एंड्रॉयड मोबाइल एप, वेब पोर्टल के उपयोग तथा क्षेत्रीय कार्य से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है.

1 अगस्त से शुरू होगा आंकड़ों का संग्रहण

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक जिले के सभी गांवों और नगरों में क्षेत्रीय स्तर पर आंकड़ों का संग्रहण किया जाएगा. इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संचार, परिवहन, बैंकिंग, ऋण सुविधा, बिजली, ईंधन, भूमि उपयोग, सिंचाई, कृषि उत्पादन, विनिर्माण, स्लम सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी.

मोबाइल एप और वेब पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया

सभी आंकड़ों का संकलन एंड्रॉयड मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा. इससे आंकड़ों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध संकलन सुनिश्चित होगा.

प्रशिक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल पदाधिकारी जनगणना श्वेता प्रियदर्शी एवं अविनाश प्रकाश, उप नोडल पदाधिकारी सुशील कुमार, मास्टर ट्रेनर, चार्ज पदाधिकारी तथा क्षेत्रीय कर्मी उपस्थित रहे. सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने का संकल्प लिया.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >