Aurangabad News : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में अंबा स्थित राजलक्ष्मी रिजॉर्ट में आयोजित कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हुआ. शिविर में 20 जिलों के नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों ने भाग लिया. इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल तथा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने सहित कई विषयों पर चर्चा हुई.
एकता और अनुशासन से ही संगठन होगा मजबूत : कृष्णा अल्लावरु
शिविर के मुख्य अतिथि बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि आपसी एकता और सहमति से ही देश को मजबूत बनाया जा सकता है. पार्टी और समाज को अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ होते हैं. ऐसे में उनकी वैचारिक मजबूती और संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण जरूरी है. प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी गई.
मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर भी हुआ विशेष सत्र
प्रशिक्षण शिविर का संचालन संयोजक प्रो. रंजीत मिश्र ने किया, जबकि विभिन्न सत्रों का संचालन प्रशिक्षक राजकुमार मीणा ने किया. असित नाथ तिवारी, कुणाल कुमार, राकेश सिंह, ऋचा, जितेंद्र नाथ पटेल और पूर्व विधायक आनंद शंकर ने अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया. प्रशिक्षण के दौरान वर्तमान राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस की भूमिका, जन लामबंदी के आधुनिक तरीकों तथा मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर विशेष सत्र आयोजित किए गए. कार्यकर्ताओं को पार्टी के संदेश को प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी गई.
Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
संगठन की मजबूती के साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया. कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने और पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, सत्येंद्र नारायण, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, डॉ. अनिता कुमारी, पूनम यादव, शैलेंद्र मिश्र, चंद्रभूषण राजपूत सहित अन्य नेता मौजूद रहे.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
सबको साथ लेकर चलना कांग्रेस की परंपरा : राजेश राम
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि 'संगच्छध्वं संवदध्वं' का सूत्र सबको साथ लेकर चलने और एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करने की सीख देता है. पंचायत के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सभी एक सूत्र में बंधे हैं. संवाद और आपसी सम्मान कांग्रेस की संस्कृति है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से देश निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया. साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और सक्रियता के साथ काम करने की अपील की.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
