बिहार अब पुराने दौर में लौटने वाला नहीं, विकास और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ेगा प्रदेश : अरविंद

Aurangabad News : भाजपा प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि बिहार अब पुराने दौर में नहीं लौटेगा. औरंगाबाद में बाल श्रम मुक्त अभियान और विकास कार्यों पर जोर दिया गया.

Aurangabad News : बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि बिहार अब पुराने दौर में लौटने वाला नहीं है. प्रदेश की जनता विकास और समृद्धि चाहती है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास की पटरी पर आगे बढ़ेगा. उन्होंने ये बातें गुरुवार को विभागीय बैठक में शामिल होने के बाद औरंगाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि बिहार में विकास का माहौल बना है और सरकार जनहित में लगातार काम कर रही है. कांग्रेस समेत विपक्षी दल बिहार को फिर से पीछे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब समझ रही है.

विपक्ष पर भावनाएं भड़काने का लगाया आरोप

हाल की घटनाओं से जुड़े सवाल पर अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत विवाद को विपक्ष सामूहिक संघर्ष के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन विपक्ष इसमें सफल नहीं होगा. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास और समृद्धि के साथ खड़ी है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सड़क पर उतरने में विपक्ष को काफी देर हो गयी है. तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हुए आंदोलन पर भी उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि जनता अब विकास के मुद्दे को प्राथमिकता दे रही है और बिहार को पीछे ले जाने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं करेगी.

11 प्रखंडों की तीन-तीन पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य

इससे पहले बाल श्रम को लेकर विभागीय बैठक हुई, जिसमें जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में चलाये जाने वाले अभियान पर विस्तार से चर्चा की गयी. पहले चरण में जिले के 11 प्रखंडों की तीन-तीन पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान के तहत संबंधित क्षेत्रों में बाल श्रमिकों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जायेगा. अधिकारियों के अनुसार, श्रम विभाग की ओर से जांच की जायेगी. इसके बाद संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों से एनओसी प्राप्त की जायेगी. पूरी प्रक्रिया के बाद जिलाधिकारी स्तर से पंचायतों को बाल श्रम मुक्त होने का प्रमाणपत्र दिया जायेगा. अभियान का उद्देश्य बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कर उन्हें विद्यालय से जोड़ना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है.

Also Read : नवादा में जीएसटी भुगतान में प्रथम रहे आरडीए के राजीव सिन्हा व दाऊद खान, द्वितीय मंजू श्री को भी मिला सम्मान

नाबालिग टोटो चालकों के खिलाफ एक माह चलेगा अभियान

बैठक में नाबालिगों के टोटो चलाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया. नाबालिग टोटो चालकों के खिलाफ एक माह तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. अभियान के दौरान नाबालिगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. साथ ही उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जायेगा. अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि केवल कार्रवाई करना ही विभाग का उद्देश्य नहीं है. नाबालिग बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जायेगा, ताकि उन्हें शिक्षा का अवसर मिल सके और वे बाल श्रम के बजाय अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकें.

प्रेस वार्ता में भाजपा के कई नेता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह, जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे.

Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज सिंघम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >