औरंगाबाद में भारतमाला परियोजना से सिंचाई और जलजमाव की समस्या, पूर्व सांसद ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

Aurangabad News : भारतमाला परियोजना के निर्माण से औरंगाबाद में सिंचाई और जलजमाव की समस्या बढ़ी है. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने नितिन गडकरी को पत्र लिखकर समाधान की मांग की है.

Aurangabad News : भारतमाला परियोजना के निर्माण के कारण औरंगाबाद जिले में किसानों के सामने सिंचाई और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है. इसको लेकर औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और विभाग के सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. पूर्व सांसद ने कहा कि परियोजना के प्राक्कलन के दौरान बनाए गए कई कैनाल आउटलेट और जल निकासी के रास्ते निर्माण कार्य के कारण बाधित हो गए हैं. इससे हजारों एकड़ कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है और किसान प्रभावित हो रहे हैं.

बसडिहा कैनाल का रास्ता बंद होने से सिंचाई प्रभावित

सुशील कुमार सिंह ने कुटुंबा प्रखंड की बसडिहा कैनाल का उदाहरण देते हुए बताया कि कैनाल से पूर्व दिशा में निकलने वाले पानी का रास्ता बंद हो गया है. इसके कारण दर्जनों गांवों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी अधिकारियों को पत्र के माध्यम से आवश्यक सुझाव दिए गए थे, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.

मदनपुर बाईपास में ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था नहीं

पूर्व सांसद ने मदनपुर बाईपास निर्माण का मुद्दा भी उठाया है. उन्होंने कहा कि पुलिया और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हदहदवा पहाड़ से आने वाला बरसाती पानी जमा हो रहा है. इससे आसपास के कई गांवों के डूब क्षेत्र में तब्दील होने का खतरा उत्पन्न हो गया है. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ सकती है.

Also Read : औरंगाबाद में तालाब में डूबने से पांच वर्षीय मासूम की मौत, बड़ी बहन के साथ गई थी कपड़े धोने

हडियाही लेफ्ट कैनाल में ह्यूम पाइप लगाने पर जताई चिंता

पत्र में झारखंड के मेदनीनगर प्रखंड स्थित हरिहरगंज के सुल्तानी गांव के पास एनएच-139 पर हडियाही लेफ्ट कैनाल की समस्या का भी उल्लेख किया गया है. पूर्व सांसद ने बताया कि यहां पुल के स्थान पर ह्यूम पाइप लगाए जाने से नहर का पानी पूरी क्षमता से प्रवाहित नहीं हो पा रहा है. इससे भविष्य में नहर की सफाई में भी परेशानी आने की आशंका है. इस नहर पर झारखंड के साथ बिहार के दो प्रखंडों की सिंचाई व्यवस्था निर्भर है.

फोरलेन के बाद आरसीसी कलवर्ट निर्माण की मांग

सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सड़क के फोरलेन में अपग्रेड होने के बाद संबंधित स्थान पर आरसीसी कलवर्ट का निर्माण जरूरी है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर कैनाल, पुलिया और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से किसानों को सिंचाई की समस्या से राहत मिलेगी और जलजमाव के कारण होने वाले नुकसान को भी रोका जा सकेगा.

Also Read : औरंगाबाद में नगर निगम बनाने की मांग तेज, 30 अगस्त से पहले प्रस्ताव भेजने की उठी आवाज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >